हरियाणा में 1 सितंबर को यहां लगेगा रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला, युवाओं को मिलेगी सीधी नौकरी
Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम में 1 सितंबर को प्रातः 10 बजे रोजगार विभाग के सहयोग से रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा आईटीआई पास युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मेले में सुजुकी मोटरसाइकिल, एचआईआरवीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, जेसीबी इंडिया लिमिटेड, फ्लाईबॉट्स टेक सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, मैनी मटेरियल मूवमेंट, मेट्रिक क्यूब एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, एवरेस्ट फ्लीट प्राइवेट लिमिटेड, लैडर ऑटोमेशन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड तथा मुंजाल शोवा लिमिटेड सहित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इन कंपनियों द्वारा युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार तथा अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
आईटीआई गुरुग्राम के प्रिंसिपल रविंद्र यादव ने बताया कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) एवं राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) योजना के तहत उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को मेले में अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से संपर्क करें।
रविंद्र यादव ने बताया कि रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाकर उनके कौशल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। इससे युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के साथ-साथ अपने कौशल को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने का अवसर भी मिलेगा।