मां बनने के बाद भी नहीं छोड़ा खाकी वर्दी का सपना ! 36 साल की उम्र में कड़ी मेहनत से ASI बन रचा इतिहास
Udaipur Times, Madhu Sharma Success Story: अक्सर महिलायें शादी होने के बाद जब मां बन जाती हैं तो अपने सपनों को पूरा करना जैसे भूल ही जाती हैं। बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उनके सपने अधूरे रह जाते हैं। लेकिन आज हम आपको ऐसी कहानी बताने जा रहे हैं जहां दो बच्चों की मां ने कमबैक किया और 36 साल की उम्र में अपने सपने को पूरा किया।
ये कहानी है मध्यप्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली मध्य प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनी मधु शर्मा की। सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से उन्होंने दो बच्चों को जन्म देने के बाद कड़ी मेहनत करके अपने ASI बनने के सपने को साकार किया। इसमें उनके पति अभय शर्मा ने भी उनका भरपूर साथ दिया।

विप्रो की नौकरी से दिया इस्तीफा
अभय शर्मा ने एक मीडिया चैनल से हुई बातचीत के दौरान बताया कि वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल वे अपनी पत्नी मधु शर्मा और दो बच्चों कार्तिक शर्मा व कास्वी शर्मा के साथ दिल्ली में रहते हैं। अभय एक्सिस बैंक में मैनेजर हैं, जबकि मधु साल 2013 से विप्रो (गुरुग्राम) में जॉब कर रही थीं। लेकिन अब मध्य प्रदेश पुलिस एसआई में चयन होने पर मधु ने जुलाई 2026 में विप्रो की नौकरी छोड़ दी।
महिला वर्ग में 25वीं रैंक हासिल की
अभय शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी मधु ने मध्य प्रदेश उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 में महिला वर्ग में 25वीं रैंक हासिल की है। शुरुआती, लिखित, शारीरिक और मेडिकल परीक्षा पास करने के बाद अब वे जल्द ही ट्रेनिंग के लिए मध्य प्रदेश जायेंगी। उन्होंने बताया कि एसआई से पहले मधु का चयन पटवारी पद पर भी हुआ था, लेकिन उन्होंने जॉइन नहीं किया। बचपन से ही मधु ने खाकी वर्दी पहनने का जो सपना देखा था, वह अब पूरा हो चुका है।

2013 में हुई थी मधु और अभय की शादी
मधु शर्मा का जन्म 4 अगस्त 1990 में हुआ था। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय ग्वालियर से 12वीं तक की पढ़ाई की और फिर ग्वालियर के ही एक कॉलेज से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री ली। साल 2013 में मधु और अभय की शादी हुई थी, जिसके बाद दोनों दिल्ली आ गए। मधु ने टेक कंपनी विप्रो में बतौर क्वालिटी मैनेजर काम शुरू किया, जबकि अभय एक्सिस बैंक में मैनेजर बने।
3 बार प्राप्त हुई असफलता से नहीं मानी हार
मधु ने कभी भी अपनी खाकी वर्दी के सपने को खत्म नहीं होने दिया। साल 2016, 2017 और 2018 में मध्य प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा दी। तीनों बार वे प्री और लिखित परीक्षा में पास हुईं, लेकिन फिजिकल टेस्ट क्लियर नहीं कर सकीं। इसके बाद बेटे कार्तिक का जन्म हुआ, जो अब 6 साल का है। बाद में बेटी कास्वी हुई, जो अब डेढ़ साल की है। दोनों बच्चों का जन्म सिजेरियन ऑपरेशन से हुआ था।
चुनौतियों के बावजूद मधु ने अपने सपने को सच करने के लिए एक बार फिर प्रयास किया
मधु के कंधों पर एक साथ दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी थी। इसके साथ ही विप्रो की नौकरी के लिए दिल्ली से गुरुग्राम का रोजाना का सफर, बढ़ती उम्र और बढ़ता वजन। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद मधु ने अपने सपने को सच करने के लिए एक बार फिर प्रयास किया. साल 2026 की परीक्षा में वे प्री और लिखित में पास हो गईं। इस बार फिजिकल टेस्ट में कोई चूक न हो, इसके लिए उन्होंने ग्वालियर की 'उपलब्धि फिजिकल एकेडमी' जॉइन की।

कड़ी मेहनत की और अकादमी में घंटों पसीना बहाया। इस दौरान उन्होंने लगभग 10 किलोग्राम वजन कम किया और आखिरकार एसआई पद पर चयनित होकर दिखाया।
