8वें वेतन आयोग से बढ़ीं उम्मीदें ? जानिए किस वेतन आयोग में कर्मचारियों की सैलरी सबसे ज्यादा बढ़ी थी
Udaipur Times, 8th Pay Commission : केंद्र सरकार ने हाल ही में 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को मंजूरी दे दी है और इसकी आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसके बाद लाखों केंद्रीय सरकारी कर्मचारी और पेंशनधारी नए वेतन संशोधन का इंतजार कर रहे हैं। आयोग को गठन के 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपनी होंगी। ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि अब तक किस वेतन आयोग ने कर्मचारियों को सबसे ज्यादा फायदा पहुंचाया था।
आजादी के बाद बने सात वेतन आयोग
स्वतंत्रता के बाद अब तक केंद्र सरकार सात वेतन आयोग गठित कर चुकी है। इन आयोगों का काम सरकारी कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन की समीक्षा करना रहा है। पहला वेतन आयोग (1947) न्यूनतम मूल वेतन 55 रुपये और अधिकतम वेतन 2,000 रुपये तय किया गया। दूसरा वेतन आयोग (1959) न्यूनतम वेतन 55 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये किया गया, यानी करीब 45% की बढ़ोतरी। तीसरा वेतन आयोग (1973) न्यूनतम वेतन 80 रुपये से बढ़कर 196 रुपये हुआ।
चौथे और पांचवें वेतन आयोग में हुई बड़ी बढ़ोतरी
चौथे और पांचवें वेतन आयोग को वेतन वृद्धि के लिहाज से सबसे अहम माना जाता है। चौथा वेतन आयोग न्यूनतम वेतन 196 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये कर दिया गया। यह करीब 282% की बढ़ोतरी थी, जो अब तक की सबसे बड़ी प्रतिशत वृद्धि मानी जाती है। पांचवां वेतन आयोग न्यूनतम वेतन 750 रुपये से बढ़ाकर 2,550 रुपये किया गया।
छठे और सातवें वेतन आयोग में आया फिटमेंट फैक्टर
छठे वेतन आयोग (2006) में पहली बार फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया। 1.86 के फिटमेंट फैक्टर के साथ न्यूनतम वेतन बढ़कर 7,000 रुपये हो गया। इसके बाद सातवें वेतन आयोग (2016) ने 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया, जो अब तक का सबसे अधिक है। इसके चलते न्यूनतम वेतन 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गया।
किस वेतन आयोग से सबसे ज्यादा फायदा मिला?
अगर प्रतिशत के हिसाब से वेतन वृद्धि की बात करें तो चौथे वेतन आयोग ने कर्मचारियों को सबसे बड़ा लाभ दिया। इसने न्यूनतम वेतन में करीब 282 फीसदी की बढ़ोतरी की, जो आज तक का रिकॉर्ड है।
वहीं फिटमेंट फैक्टर के आधार पर सातवां वेतन आयोग सबसे आगे रहा। 2.57 के फिटमेंट फैक्टर ने कर्मचारियों के वेतन ढांचे में बड़ा बदलाव किया और उनकी सैलरी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
अब 8वें वेतन आयोग से भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को वेतन और पेंशन में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है। आयोग की सिफारिशें आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस बार कर्मचारियों को कितना लाभ मिलेगा।
