किसान ने 4 एकड़ में लगाए 7200 ड्रैगन फ्रूट के पौधे, अब कर रहा लाखों में कमाई

 | 
किसान ने 4 एकड़ में लगाए 7200 ड्रैगन फ्रूट के पौधे, अब कर रहा लाखों में कमाई 

Udaipur Times, New Delhi : रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के कुशी डोर निवासी किसान मान सिंह पटेल ने पारंपरिक खेती से हटकर ड्रैगन फ्रूट की खेती को अपनी आय का मजबूत जरिया बना लिया है। पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर चुके मान सिंह ने वर्ष 2021 में एक एकड़ से खेती शुरू की थी जिसके चलते बेहतर परिणाम मिलने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे खेती का रकबा बढ़ाकर चार एकड़ कर लिया।

आज उनके खेत में करीब  7200 ड्रैगन फ्रूट के पौधे हैं और बेहतर प्रबंधन के जरिए सालाना करीब 36 टन तक उत्पादन हो रहा है।उनका कहना है कि जिला उद्यान विभाग की ओर से भी उन्हें सहयोग मिल रहा है।

4 एकड़ में 1800 पोल और 7200 पौधे के साथ शुरू की खेती

मान सिंह के अनुसार, एक एकड़ में करीब 450 पोल लगाए जाते हैं। प्रत्येक पोल पर चार पौधे लगाए जाते हैं। इस तरह एक एकड़ में करीब 1800 पौधे और चार एकड़ में कुल 7200 पौधे लगाए गए हैं। उत्पादन की बात करें तो एक पोल से औसतन करीब 20 किलो ड्रैगन फ्रूट प्राप्त होता है। इस हिसाब से एक एकड़ में लगभग 9 टन और चार एकड़ में करीब 36 टन उत्पादन हो जाता है।

रु 125 से रु 250 किलो तक मिलता है भाव किसानों की बढ़ी आय

मान सिंह बताते हैं कि ड्रैगन फ्रूट की कीमत उसकी गुणवत्ता और बाजार की मांग के अनुसार अलग-अलग होती है। उन्हें करीब रु 125 से रु 250 प्रति किलो तक भाव मिल जाता है।

उनका कहना है कि कम समय में बेहतर परिणाम और बाजार में मांग के चलते ड्रैगन फ्रूट की खेती किसानों के लिए अच्छी आमदनी का विकल्प बन सकती है। मान सिंह की सफलता अब आसपास के किसानों को भी पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News