किसान की बेटी और आंगनबाड़ी सेविका की बेटी ने रचा इतिहास, BPSC में 89वीं रैंक लाकर बनी DSP

 | 
किसान की बेटी और आंगनबाड़ी सेविका की बेटी ने रचा इतिहास, BPSC में 89वीं रैंक लाकर बनी DSP 

Udaipur Times, DSP Komal Kumari Success Story : बिहार के बेगूसराय जिले की रहने वाली कोमल कुमारी ने अपने हौसले और मेहनत से ऐसी मिसाल पेश की है, जो लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। हाथों में शादी की मेहंदी रची थी और घर में विदाई की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अगले ही दिन उन्होंने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा दी। जून 2026 में जब परिणाम घोषित हुआ तो कोमल ने 89वीं रैंक हासिल कर डीएसपी (उप पुलिस अधीक्षक) का पद अपने नाम कर लिया।

किसान पिता और आंगनबाड़ी सेविका मां की बेटी

कोमल कुमारी बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड के पाली गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता अवनीश कुमार सिंह किसान हैं, जबकि मां उषा कुमारी आंगनबाड़ी सेविका हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद माता-पिता ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कोमल ने शुरुआती पढ़ाई अपने ननिहाल बोकारो में रहकर की। 

उन्होंने 2012 में प्लस-टू की पढ़ाई पूरी की, इसके बाद सरकारी महिला पॉलिटेक्निक, गम्हरिया (टाटा) से डिप्लोमा किया और साल 2018 में बेगूसराय के राम विलास सिंह महाविद्यालय से बी.कॉम की डिग्री हासिल की।

आमीन की नौकरी छोड़कर शुरू की नई तैयारी

साल 2022 में कोमल का चयन बिहार सरकार के राजस्व विभाग में आमीन के पद पर हुआ। नौकरी मिलने के बाद भी उनका लक्ष्य बड़ा था। उन्होंने 2024 में नौकरी से इस्तीफा देकर BPSC की तैयारी शुरू कर दी। पहले प्रयास में असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दोगुनी मेहनत के साथ तैयारी जारी रखी।

शादी के अगले दिन दी परीक्षा

कोमल की शादी 11 दिसंबर 2024 को पटना निवासी विकास कुमार सिंह से हुई। शादी के अगले ही दिन उन्हें BPSC परीक्षा देनी थी। शादी की रस्मों और परीक्षा के दबाव के बावजूद उन्होंने अपना फोकस नहीं खोया और परीक्षा में शामिल हुईं।

जब 70वीं BPSC का परिणाम घोषित हुआ तो कोमल ने 89वीं रैंक हासिल कर डीएसपी का पद प्राप्त किया। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के सामने परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं।

पति ने भी पास की BPSC परीक्षा

कोमल के पति विकास कुमार सिंह ने भी 70वीं BPSC परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने 1058वीं रैंक प्राप्त कर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी का पद हासिल किया। पति-पत्नी की इस दोहरी सफलता से पूरे बेगूसराय और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। कोमल कुमारी की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News