Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र, रामनगर (कुरुक्षेत्र) में राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान किसानों के लिए वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन पर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रशिक्षणों में भाग लेने के लिए इच्छुक किसानों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट kaushal.hortharyana.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
उद्यान विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों को तीन मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है—साप्ताहिक मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण, स्व-वित्तपोषित वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण, तथा "प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना" के तहत 280 घंटे का गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम। साप्ताहिक मधुमक्खी पालन के सत्र सितंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच आयोजित किए जाएंगे, जबकि स्व-वित्तपोषित एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना वाले कार्यक्रम नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र के लिए कुल 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रशिक्षार्थियों का चयन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर ऑनलाइन पंजीकरण की प्राथमिकता के अनुसार किया जाएगा। हरियाणा के किसानों के लिए प्रशिक्षण की पूरी अवधि के दौरान रहने तथा भोजन की व्यवस्था केंद्र द्वारा बिल्कुल नि:शुल्क की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो किसान पहले भी इसी विषय पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, वे दोबारा पंजीकरण न कराएं।