राजस्थान के किसानों को मिलेगा बड़े बाजारों तक सीधा लिंक, मदर डेयरी-सरस से होगी खरीद
Udaipur Times, Rajasthan News: 29 जून 2026 । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन एवं निर्देशों की पालना में सोमवार को कोटा में प्राकृतिक खेती विषयक भव्य किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि मदर डेयरी एवं सरस डेयरी के साथ समन्वय स्थापित कर पशुपालकों का दूध, फल एवं सब्जियां उचित मूल्य पर खरीदी जाना सुनिश्चित किया जाएगा जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिल सके और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो। Rajasthan News
सोमवार को आयोजित कार्यशाला में लगभग एक हजार किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती, कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाली खेती, बेहतर उत्पादन, कृषि विपणन, पशुपालन तथा उद्यानिकी के माध्यम से आय बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया तथा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान भी किया गया। Rajasthan News
खेती को मिलेगा व्यवसाय का स्वरूप
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हाड़ौती की जलवायु, उपजाऊ भूमि एवं भरपूर जल उपलब्धता इसे प्राकृतिक खेती के लिए देश के चुनिंदा क्षेत्रों में शामिल करती है। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहकर बहुफसली खेती, उद्यानिकी, फल उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं पशुपालन को भी अपनाना चाहिए ताकि खेती लाभकारी व्यवसाय बन सके। Rajasthan News
सिंचाई परियोजनाओं से खेतों तक पहुंचेगा पानी
उन्होंने विश्वास दिलाया कि ईआरसीपी एवं परवन जैसी महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं भी शीघ्र पूर्ण होंगी, जिससे किसानों को स्थायी लाभ मिलेगा। Rajasthan News
पशुपालन, डेयरी और कोल्ड स्टोरेज से बढ़ेगी किसानों की आय
बिरला ने कहा कि हाड़ौती में पशुपालन की असीम संभावनाएं हैं। पशुपालन प्राकृतिक खेती का भी मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील एवं पंचायत स्तर पर कोल्ड स्टोरेज विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा ताकि पशुओं के लिए हरा चारा सुरक्षित रखा जा सके। Rajasthan News
देश के बड़े बाजारों से जुड़ेंगे किसान
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के लिए आधुनिक मार्केटिंग लिंक तैयार किए जा रहे हैं जिससे वे हाड़ौती में रहकर ही दिल्ली, मुंबई सहित देश के बड़े बाजारों के भाव जान सकेंगे तथा अपने उत्पाद उचित मूल्य पर बेच सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिले और किसी भी किसान को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
फलोद्यान और बहुमुखी खेती पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि हाड़ौती की जलवायु आम, नींबू, जामुन, पपीता सहित अनेक फलदार पौधों के लिए अत्यंत उपयुक्त है। किसानों को फलोद्यान विकसित करने, उच्च गुणवत्ता वाले बीज अपनाने तथा फल, फसल, वृक्ष एवं पशुपालन आधारित बहुमुखी खेती की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर किसानों एवं मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
हर पात्र किसान तक पहुंचेगी योजनाओं का लाभ
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक पात्र किसान को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए किसान को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे बल्कि प्रशासन एवं संबंधित विभाग स्वयं किसानों तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।
विशेषज्ञों ने दी जानकारी, किसानों ने साझा किए अनुभव
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक कीट एवं रोग प्रबंधन सहित कम लागत में अधिक गुणवत्ता वाली उपज प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए इसके लाभ बताए। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कोटा जिले में 35 क्लस्टरों के माध्यम से अब तक 4,375 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं तथा जिले का लगभग 4 प्रतिशत कृषि क्षेत्र प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अंतर्गत है।
प्राकृतिक खेती से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यशाला में लगी कृषि एवं प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, जिला कलक्टर डॉ. पीयूष समारिया, प्रेम गोचर, राकेश जैन, कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक अशोक शर्मा, संयुक्त निदेशक सत्येन्द्र पाठक, रविन्द्र जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला किसान एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
