किसानों की होगी डबल कमाई ! दूध के साथ अब गोबर भी खरीदेगी मदर डेयरी, 250 करोड़ का यहां लगेगा नया प्लांट

 | 
किसानों की होगी डबल कमाई ! दूध के साथ अब गोबर भी खरीदेगी मदर डेयरी, 250 करोड़ का यहां लगेगा नया प्लांट

Udaipur Times, Mother Dairy Jamalpur Plant : बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर में मदर डेयरी करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से नया मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करेगी। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की सहयोगी कंपनी मदर डेयरी का यह प्लांट अगले दो वर्षों में बनकर तैयार होने की उम्मीद है।

15 एकड़ जमीन पर बनेगा प्लांट

बिहार सरकार ने जमालपुर औद्योगिक क्षेत्र में मदर डेयरी को करीब 15 एकड़ जमीन आवंटित की है। अधिकारियों के अनुसार, कंपनी को जमीन का कब्जा मिल चुका है और वहां बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में निर्माण कार्य तेजी से पूरा होने की संभावना है।

शुरुआत में होगी 1 लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग

प्लांट शुरू होने के बाद पहले चरण में यहां दूध, दही और पनीर का उत्पादन किया जाएगा। शुरुआत में इसकी क्षमता प्रतिदिन 1 लाख लीटर दूध प्रोसेसिंग की होगी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2 लाख लीटर प्रतिदिन किया जाएगा। भविष्य में अन्य डेयरी उत्पादों का निर्माण भी शुरू किया जाएगा।

किसानों को मिलेगा सीधा फायदा

मुंगेर और आसपास का क्षेत्र दूध उत्पादन के लिए जाना जाता है। प्लांट शुरू होने से स्थानीय दुग्ध उत्पादक किसानों को अपने दूध का बेहतर दाम मिलेगा और विपणन की सुविधा भी बढ़ेगी। इससे क्षेत्र में डेयरी व्यवसाय को नई गति मिलने की उम्मीद है।

गोबर से भी होगी किसानों की कमाई

इस परियोजना की खास बात यह है कि प्लांट परिसर में बायोगैस पावर हाउस भी बनाया जाएगा। इसके लिए कंपनी किसानों से दूध के साथ गोबर भी खरीदेगी। बायोगैस से प्लांट की ऊर्जा जरूरतें पूरी होंगी, जबकि किसानों को आय का एक अतिरिक्त स्रोत मिलेगा।

मदर डेयरी का होगा 10वां प्लांट

जमालपुर में बनने वाला यह मदर डेयरी का 10वां प्लांट होगा। इससे पहले कंपनी के प्लांट दिल्ली, मुंबई, नागपुर, पिलखुवा, इटावा, जूनागढ़, कच्छ, तिरुपति और मोतिहारी में संचालित हैं। नया प्लांट शुरू होने से बिहार में डेयरी उद्योग को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News