पिता रिटायर वायुसेना अधिकारी, पति IPS अब BPSC पास कर SDM बनीं साहिबा खान
Udaipur Times, Sahiba Khan's Success Story : बीते दिनों ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CCE) का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 2009 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली साहिबा खान ( Sahiba Khan) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 35वीं रैंक (AIR 35) हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि के साथ उनका चयन सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) पद के लिए हुआ है।
सहारनपुर के छोटे से गांव से शुरू हुआ सफर
साहिबा खान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट क्षेत्र के पिठौरी गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता खालिद अली खान भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। परिवार के अनुसार, साहिबा बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी थीं और दूसरी कक्षा से ही लगातार अच्छे अंक हासिल करती रही हैं। परिवार ने उनकी शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी। उनकी मां ने भी पढ़ाई और संस्कार दोनों पर विशेष ध्यान दिया, जिससे घर का माहौल हमेशा पढ़ाई के अनुकूल बना रहा।
रोज 16 से 18 घंटे की पढ़ाई
साहिबा की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासित दिनचर्या रही। परिवार के अनुसार, परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने रोजाना 16 से 18 घंटे तक पढ़ाई की। देर रात तक पढ़ाई करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। उन्होंने मोबाइल फोन और अन्य सभी अनावश्यक चीजों से दूरी बनाकर पूरी तरह अपनी तैयारी पर फोकस किया।
IPS अधिकारी हैं पति
साहिबा खान की शादी मोहम्मद ताबिश हसन (Mohammad Tabish Hasan) से हुई है, जो 2024 बैच के IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में हैदराबाद में प्रशिक्षण ले रहे हैं। परिवार का कहना है कि ससुराल पक्ष ने भी उनकी तैयारी के दौरान हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया और पूरा सहयोग दिया।
साहिबा खान की कहानी आज लाखों BPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
