राखी पर भाई को खिलाएं घर की बनी काजू रोल बर्फी, सिर्फ 2-3 चम्मच दूध और 1 कप काजू से तैयार होगी बाजार जैसी मिठाई
Udaipur Times, Rakshabandhan Special Recipe : रक्षाबंधन पर अगर आप बाजार की महंगी और मिलावट वाली मिठाइयों से बचना चाहते हैं, तो इस बार घर पर ही स्वादिष्ट काजू रोल बर्फी बनाएं। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न खोए की जरूरत है और न ही चाशनी बनाने की। सिर्फ 1 कप काजू, थोड़ा दूध और कुछ आसान सामग्री से 15-20 मिनट में बाजार जैसी सॉफ्ट और स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाएगी।
घर पर कैसे बनाएं बाजार जैसी काजू रोल, स्टेप by स्टेप विधि
काजू रोल का स्वाद काजू कतली जैसा ही होता है, लेकिन इसका रोल शेप इसे और आकर्षक बनाता है। यह मिठाई न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि त्योहार पर मेहमानों और परिवार के लिए भी शानदार विकल्प है।
क्या- क्या चाहिए सामग्री
1 कप काजू (करीब 150 ग्राम)
½ कप मिल्क पाउडर (वैकल्पिक)
½ कप पिसी चीनी (बूरा)
2-3 बड़े चम्मच दूध
1 छोटा चम्मच देसी घी
चांदी का वर्क और कटे पिस्ता (गार्निश के लिए, वैकल्पिक)
ऐसे बनाएं काजू का रोल
सबसे पहले काजू को मिक्सर में पल्स मोड पर पीसकर बारीक पाउडर बना लें। लगातार मिक्सर न चलाएं, वरना काजू से तेल निकल सकता है। इसके बाद पाउडर को छान लें।
अब इसमें मिल्क पाउडर और पिसी चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। फिर थोड़ा-थोड़ा करके दूध डालें और मुलायम आटा जैसा डो तैयार कर लें।
डो को दो हिस्सों में बांटकर बटर पेपर पर रखें और हाथों की मदद से लंबा रोल बना लें। तैयार रोल को बटर पेपर में लपेटकर 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।
सेट होने के बाद रोल निकालें, चाहें तो ऊपर से चांदी का वर्क और पिस्ता लगाएं। फिर तेज चाकू से छोटे-छोटे रोल के टुकड़ों में काट लें।
10-15 दिन तक रहेगा फ्रेश
तैयार काजू रोल को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में 10 से 15 दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है। रक्षाबंधन पर इसे गिफ्ट बॉक्स में पैक करके भी दिया जा सकता है।
इस रक्षाबंधन घर की बनी शुद्ध, स्वादिष्ट और किफायती काजू रोल बर्फी से भाई का मुंह मीठा कराएं और त्योहार की मिठास को दोगुना बना दें।