हरियाणा में DDPO को रिश्वत केस में फंसाने वाले क्लर्क पर FIR, जाने पूरा मामला ?
Udaipur Times, Haryana News, कैथल : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा के जींद में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ( DDPO ) ऋतु लाठर को झूठे रिश्वत मामले में फंसाने की साजिश रचने के आरोप में क्लर्क कुलदीप के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। कुलदीप पर आरोप है कि उसने विभागीय कार्रवाई से बचने और DDPO पर दबाव बनाने के लिए उनके भाई को फोन कर 2 लाख रुपए के लेनदेन की बात कही और झूठा बैंकिंग ट्रेल बनाने की कोशिश की।
कुलदीप वर्तमान में बीडीपीओ कार्यालय कैथल में तैनात है। उसके खिलाफ वरिष्ठता सूची में जन्मतिथि से हेरफेर की विभागीय जांच DDPO कार्यालय में लंबित है। आरोप है कि 11 अगस्त को उसने DDPO के भाई को फोन कर पैसे ट्रांसफर करने और मैडम से बात होने का झूठा दावा किया था। डीएसपी क्राइम की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट और यूपीआई ट्रांसफर से जुड़े बैंकिंग रिकॉर्ड खंगाल रही है।
न ही पैसे मांगे, न भाई से बात की: DDPO
ऋतु लाठर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने कुलदीप से 2 लाख के संबंध में कोई बातचीत नहीं की और न ही किसी तरह के अवैध भुगतान की मांग या अनुमति दी। उनका आरोप है कि उन्होंने कुलदीप को अपने भाई से इस तरह की बातचीत करने के लिए अधिकृत भी नहीं किया था। उन्होंने पुलिस से यह जांच करने की मांग की है कि कुलदीप को उनके भाई अमित का मोबाइल नंबर कहां से मिला।