हरियाणा में महिला सरपंच और प्रतिनिधि पर FIR, लगे ये गंभीर आरोप ?

 | 
हरियाणा में महिला सरपंच और प्रतिनिधि पर FIR, लगे ये गंभीर आरोप ?

Udaipur Times, Haryana News, डबवाली : हरियाणा के सिरसा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। डबवाली क्षेत्र के गांव मांगेआना की श्मशान भूमि और व्यायामशाला से करीब 75 हरे पेड़ काटने के मामले में सदर डबवाली थाना पुलिस ने सरपंच सुदेश रानी और सरपंच प्रतिनिधि दयानंद शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई वन विभाग, पंचायत विभाग और DSP कालांवाली की जांच रिपोर्टों के आधार पर की है। मामले में शिकायतकर्ता प्रीतपाल सिंह निवासी मांगेआना ने पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर अधिकारियों को शिकायत दी थी। 

पुलिस ने 21 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत की जांच के दौरान पेड़ों की कटाई को लेकर अलग-अलग स्तर पर जांच हुई। दिसंबर 2025 में गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में श्मशान भूमि और व्यायामशाला से 25 से 30 हरे पेड़ वन विभाग की अनुमति के बिना काटे जाने की बात दर्ज की थी। शिकायतकर्ता ने इस रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए दोबारा जांच की मांग की थी।

वन विभाग की जांच में 75 पेड़ काटने का उल्लेख

इसके बाद वन विभाग की ओर से गठित कमेटी ने भी मामले की जांच की। 21 जुलाई 2026 को प्राप्त रिपोर्ट में शेड और ट्रैक निर्माण के दौरान करीब 75 छोटे-बड़े पेड़ काटे जाने का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट के अनुसार खिलाड़ियों की ओर से लगाए गए छोटे पौधों को भी नुकसान पहुंचा था। जांच रिपोर्ट में पंचायत की संपत्ति की देखरेख की जिम्मेदारी सरपंच की होने की बात कही गई। साथ ही पेड़ों की कटाई से पहले वन विभाग से कीमत निर्धारण और अनुमति के लिए पत्राचार नहीं किए जाने का उल्लेख किया गया।

रिपोर्ट में संलिप्तता का उल्लेख, केस की सिफारिश

वन विभाग की जांच रिपोर्ट में सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि की संलिप्तता पाए जाने का उल्लेख करते हुए मामले में अभियुक्त दर्ज कर जांच करने की सिफारिश की गई। इसके बाद DSP कालांवाली स्तर पर भी मामले की जांच हुई। इन रिपोर्टों के आधार पर सदर डबवाली थाना पुलिस ने 21 सितंबर को सरपंच सुदेश रानी और सरपंच प्रतिनिधि दयानंद शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस अब पेड़ों की कटाई से जुड़े दस्तावेज, जांच रिपोर्ट और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News