Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में नवंबर के आखिरी सप्ताह में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते कई इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश का न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 5.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं हिसार में पारा 7.7 डिग्री तक पहुंच गया।
भिवानी, झज्जर और रेवाड़ी के बावल में भी तापमान 8 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा है।
मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानग, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 2 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इसी बीच हल्के बादल छा सकते हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट जारी रह सकती है।
इसके अलावा सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने के आसार हैं। कोहरे के चलते 27 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में यलो अलर्ट जारी किया है। 29 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और सोनीपत में कोहरे की चेतावनी रहेगी।
जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम AWS में न्यूनतम तापमान 5.8°C दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम है। हिसार 7.7°, भिवानी 7.4°, झज्जर 7.5° और रेवाड़ी के बावल में 7.1° रहा। प्रदेश के अधिकांश मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2.2°C कम है, यानी रातें सामान्य से ज्यादा ठंडी हो रही हैं, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।