Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में सर्दी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, कल मंगलवार को हिसार और पंचकूला प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे, जहां न्यूनतम पारा लुढ़ककर 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के 9 जिलों में रात का तापमान 11 डिग्री या इससे नीचे चला गया है।
वहीं, इस बार कोहरा भी अपने सामान्य समय से करीब 25 दिन पहले दस्तक दे रहा है। विभाग ने 19 से 21 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान भिवानी में 29.7 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन रातें तेजी से सर्द हो रही हैं। हरियाणा के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 11°C या इससे कम रिकॉर्ड हुआ है।
विभाग की जानकारी के अनुसार 21 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क (Dry) रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक आज 18 नवंबर को मौसम साफ रहेगा।19 नवंबर को 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट रहेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह (मेवात) में कहीं-कहीं घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।