राजस्थान में 6 अगस्त से वनाधिकार अभियान-2026, पात्र वनवासियों को मिलेंगे वनाधिकार पत्र

 | 
राजस्थान में वनाधिकार अभियान

 

Udaipur Times, Rajasthan News:  राज्य सरकार द्वारा वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत पात्र अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वनवासियों को वनाधिकार पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक वनाधिकार अभियान-2026 आयोजित किया जा रहा है।

जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान नए वनाधिकार दावे ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त किए जाएंगे, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा तथा पूर्व में अपूर्ण या साक्ष्यों के अभाव में निरस्त दावों की पुनः समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वनाधिकार पट्टों का राजस्व रिकॉर्ड में अंकन कराया जाएगा तथा लाभार्थियों को पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन सहित विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं उपखंड स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

इसके अलावा अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण, फलदार पौधों का रोपण, चारागाह विकास, वन्यजीवों के लिए जल स्रोतों का निर्माण एवं प्रबंधन से जुड़े अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।

अभियान के पहले चरण में 6 से 13 अगस्त तक दावा प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे। 14 से 20 अगस्त के बीच वन अधिकार समिति की रिपोर्ट प्राप्त कर राजस्व एवं वन विभाग की जांच रिपोर्ट ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। 21 से 24 अगस्त तक ग्राम सभाओं का आयोजन कर प्राप्त दावों पर निर्णय लिया जाएगा। इसके उपरांत 25 से 28 अगस्त के दौरान ग्राम पंचायतों से स्वीकृत दावों को उपखण्ड स्तरीय समिति (एसडीएलसी)को भेजा जाएगा। 29 अगस्त से 1 सितंबर तक एसडीएलसी दावों की समीक्षा कर निर्णय करेगी, जबकि 2 से 3 सितंबर के बीच स्वीकृत प्रकरण जिला स्तरीय समिति को अग्रेषित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय समिति 4 से 7 सितंबर तक बैठकों में अंतिम निर्णय लेगी। इसके बाद 8 से 11 सितंबर तक स्वीकृत आवेदकों के वनाधिकार पत्र (हक पत्र) तैयार किए जाएंगे। 12 से 14 सितंबर के दौरान इन हक पत्रों का राजस्व रिकॉर्ड में नामांतरण कराया जाएगा तथा एमआईएस पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का समापन 15 सितंबर को लाभार्थियों को वनाधिकार पत्रों के समारोहपूर्वक वितरित किए जाएंगे।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News