पूर्व बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी ने देखा पद्मिनी महल
चित्तौड़गढ़ दुर्ग में अल्प प्रवास के दौरान रानी पद्मिनी के इतिहास की ली जानकारी
चित्तौड़गढ़ 10 जनवरी 2026 । बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री मंदाकिनी शनिवार दोपहर चित्तौड़गढ़ पहुंचीं। अपने अल्प प्रवास के दौरान उन्होंने केवल ऐतिहासिक पद्मिनी महल देखने की इच्छा जताई। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें दुर्ग स्थित पद्मिनी महल ले जाया गया, जहां उन्होंने रानी पद्मिनी से जुड़े इतिहास की जानकारी ली। मंदाकिनी ने बताया कि वे लंबे समय से रानी पद्मिनी के बारे में सुनती आ रही थीं और उनकी इच्छा थी कि उस ऐतिहासिक स्थल को प्रत्यक्ष देख सकें। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो इतिहास गलत रूप में प्रस्तुत किया गया, वह संतोषजनक नहीं था, लेकिन अब लोगों को सही इतिहास की जानकारी मिल रही है, यह खुशी की बात है।
हालांकि अभिनेत्री काफी जल्दबाजी में नजर आईं। वे महज करीब 20 मिनट ही पद्मिनी महल परिसर में रहीं और इसके बाद वापस रवाना हो गईं। इस दौरान उन्होंने रानी पद्मिनी के जल महल को दूर से देखा और आसपास के गार्डन का अवलोकन किया। मंदाकिनी के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
उन्हें देखने और एक झलक पाने के लिए स्थानीय लोग उत्साहित नजर आए। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें लेने की कोशिश भी की। दुर्ग भ्रमण के दौरान पूर्व पार्षद अशोक वैष्णव, विजय चौहान सहित कांग्रेस के कई पार्षदों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें चित्तौड़ दुर्ग का एक स्मृति चिन्ह स्वरूप फोटो भी भेंट किया गया।
#Mandakini #PadminiPalace #ChittorgarhFort #QueenPadmini #RajasthanTourism #UdaipurNews #ChittorgarhNews #HeritageOfRajasthan #BollywoodVisit