चार दिवसीय मस्तान बाबा का उर्स शुरू

वादी-ए- मस्तान हजरत सय्यद ख्वाजा मुहम्मद अब्दुर्रउफ (उर्फ़) मस्तान बाबा अलैहिर्रहमान का चार दिवसीय 22वां उर्स का शुक्रवार को परचम कुशाई की रस्म के साथ आगाज हुआ।
 | 
वादी-ए-मस्तान में परचम कुशाई के साथ उर्स शुरू

उदयपुर। वादी-ए- मस्तान हजरत सय्यद ख्वाजा मुहम्मद अब्दुर्रउफ (उर्फ़) मस्तान बाबा अलैहिर्रहमान का चार दिवसीय 22वां उर्स का शुक्रवार को परचम कुशाई की रस्म के साथ आगाज हुआ।

मस्तान बाबा ट्रस्ट के नायब सदर मजीद खान ने बताया कि कल बाद नमाजे अस्र मौहल्ला मल्लातलाई की ओर से परचम कुशाई का जुलूस मस्तान बाबा दरगाह पहुंचा। जहां अकीदतमंदों की मौजूदगी में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। दरगाह ख्वाजा गरीब अजमेर से लाई गई चादर शरीफ बाबा साहब के आस्ताने पर पेश की गई। 

परचम कुशाई के बाद अल्हाज हजरत मौलाना हाफिजों कारी मो. इस्हाक, राजनगर, राजसमंद की मौजूदगी में उर्स की कामयाबी व मुल्क की खुशहाली की दुआएं की गई। ट्रस्ट की ओर से अजमेर दरगाह से तशरीफ लाए खादीमों की दस्तारबंदी की गई। अकीदतमंदों की ओर से चादरे व फूल आस्ताने पर पेश किए गए। ट्रस्ट की ओर जायरीनों को लंगर बांटा गया जो चारों दिन जारी रहेगा। बाद नमाजे इशा महफिले मीलाद हुई। 

इस चार दिवसीय उर्स में जायरीनों का आना शुरू हो गया है। उर्स के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को बाद नमाज अस्र महफिले मीलाद नाअतख्वानी होगी। बाद नमाज मगरीब महफिले समां (कव्वाली) रात 11 बजे तक जारी रहेगी। 27 अक्टूबर को विभिन्न मौहल्लों से चादर जुलूस आस्ताने पर पहुंचेगा। उर्स का समापन 28 अक्टूबर को कुल की फातेहा के साथ होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News