हरियाणा के पूरे सरकारी सिस्टम में 4 कड़े सुरक्षा नियम लागू ! अब हर दिन करना होगा लेनदेन का मिलान, लापरवाही पर रुकेगा पैसा

 | 
हरियाणा के पूरे सरकारी सिस्टम में 4 कड़े सुरक्षा नियम लागू ! अब हर दिन करना होगा लेनदेन का मिलान, लापरवाही पर रुकेगा पैसा

Udaipur Times, Haryana news : साइबर हमलों के बढ़ते खतरों को देखते हुए सरकार ने सरकारी खजाने, डिजिटल पेमेंट सिस्टम और डेटा की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए हैं। वित्त विभाग ने सोमवार को आदेश जारी कर राज्य के सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्ड-निगमों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और सभी यूनिवर्सिटी के कुलपतियों को तत्काल प्रभाव से 4 कड़े सुरक्षा नियम लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन निर्देशों का पालन न करने वाले संस्थानों की डिजिटल ट्रेजरी (खजाना) भुगतान सुविधा को अस्थायी रूप से रोका भी जा सकता है। सभी संस्थानों को 15 कार्यदिवसों के भीतर अपनी तैयारियों की शुरुआती रिपोर्ट सौंपनी होगी। खास बात यह है कि हर विभाग और संस्थान को अपने बैंक खातों से होने वाले सभी इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का रोजाना ऑटोमेटेड मिलान करना अनिवार्य होगा। यदि आंतरिक लेजर और बैंक स्टेटमेंट में कोई भी गड़बड़ी या अंतर पाया जाता है, तो उसे 24 घंटे के भीतर सुलझाना होगा।

ये भी दिए गए निर्देश

बैंकों को देनी होगी 'व्हाइट लिस्ट': सभी संस्थानों को अपने अधिकृत वेंडर्स और भुगतान प्राप्त वालों (बेनिफिशियरी) की एक प्रमाणित सूची (फिजिकल व्हाइट लिस्ट) सीधे अपने बैंकों को सौंपनी होगी। बैंकों को सख्त कानूनी निर्देश दिए जाएंगे कि इस सूची से बाहर के किसी भी खाते या व्यक्ति को एक भी रुपया ट्रांसफर न किया जाए।

प्राइवेट क्लाउड पर डेटा रखने पर पाबंदी: अब कोई भी सरकारी विभाग, बोर्ड या यूनिवर्सिटी अपना डेटा, एप्लिकेशन या सर्वर किसी अनवेरिफाइड कमर्शियल या थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म पर होस्ट नहीं कर सकेगा। सभी को तत्काल प्रभाव से अपने सिस्टम को सरकारी क्लाउड (जैसे भारत सरकार के 'मेघराज' क्लाउड से मान्यता प्राप्त सरकारी क्लाउड या राष्ट्रीय पीएसयू डेटा सेंटर) पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू करनी होगी।

'मेकर-चेकर' सिस्टम के बिना नहीं होगा भुगतान: पैरेंट-चाइल्ड अकाउंट स्ट्रक्चर वाले सभी विभागों में अब "चाइल्ड" स्तर से होने वाला कोई भी भुगतान या फंड ट्रांसफर बिना सख्त "मेकर-चेकर" (एक अधिकारी बिल बनाएगा, दूसरा जांच कर पास करेगा) प्रक्रिया के पूरा नहीं होगा। कोई भी एक अधिकारी या ऑटोमेटेड सिस्टम अकेले भुगतान को अंतिम रूप नहीं दे सकेगा।

इसलिए निर्णय... ताकि अधिकृत खातों में पैसा जाए

प्रदेश में पहले आईडीएफसी घोटाला सामने आया। अब हाल ही में पंचायती राज विभाग में पैसा निकाला गया। ऐसे में सरकार ने सार्वजनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाले बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। डिजिटल भुगतान के रास्तों को सुरक्षित करना ताकि केवल अधिकृत वेंडर्स और सही खातों में ही पैसा जाए। सरकारी डेटा और एप्लिकेशन होस्टिंग वातावरण को असुरक्षित प्राइवेट या थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म से हटाकर सुरक्षित सरकारी क्लाउड पर लाना।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News