UK भेजने के नाम पर 26 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी लंदन से लौटते वक्त एयरपोर्ट से गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले इमीग्रेशन फ्रॉड गिरोह पर सिरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने यूके भेजने के नाम पर 26 लाख 19 हजार 200 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी था ।
वह लंदन से भारत लौटते ही इमीग्रेशन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव मौजू की ढाणी निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दी थी कि वह अपने परिवार सहित यूके जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सुखेराखेड़ा निवासी राजन से हुई। राजन ने अपने भाई अमनदीप और सचिन के यूके में होने का हवाला देकर पूरे परिवार को वर्क परमिट वीजा पर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और इसके लिए 32 लाख रुपये की मांग की।
आरोप है कि गिरोह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जल्द वीजा लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग किश्तों में 26 लाख 19 हजार 200 रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने पांच लाख रुपये चेक के माध्यम से तथा शेष राशि अन्य किश्तों में अमनदीप और उसके परिजनों को दी। इसके बाद आरोपी लगातार वीजा जल्द लगने का झूठा आश्वासन देते रहे। जब पीड़ित ने बार-बार जानकारी मांगी तो हर बार नया बहाना बनाया गया। बाद में आरोपियों ने नौ लाख रुपये और देने की मांग की, जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर 3 सितंबर 2025 को थाना ऐलनाबाद में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि आरोपी विदेश से भारत लौट रहा है। इसके बाद एयरपोर्ट पर पहले से जारी एलओसी के आधार पर उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ।
मामले की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।एसपी ने लोगों से अपील की कि विदेश जाने के लिए केवल सरकार से मान्यता प्राप्त इमीग्रेशन एजेंटों से ही संपर्क करें। किसी भी एजेंट को बड़ी राशि देने से पहले उसकी पूरी जानकारी और वैधता की जांच अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
