DGP की बेटी से देश की पुलिस ट्रेनर तक, जानिए IPS मलिका गर्ग की प्रेरक कहानी
Udaipur Times, IPS Malika Garg : भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की 2015 बैच की अधिकारी मलिका गर्ग को हाल ही में हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में असिस्टेंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। देश के भावी IPS अधिकारियों को तैयार करने वाली इस प्रतिष्ठित अकादमी में उनकी नियुक्ति उनके बेहतरीन प्रशासनिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड का प्रमाण मानी जा रही है।

दिल्ली की रहने वाली हैं मलिका गर्ग
3 फरवरी 1991 को दिल्ली में जन्मीं मलिका गर्ग ने देश के प्रतिष्ठित IIT दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई।
पिता भी रहे DGP रैंक के IPS अधिकारी
मलिका गर्ग को सेवा और अनुशासन की प्रेरणा अपने परिवार से मिली। उनके पिता भी भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे और पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद तक पहुंचे। उनके पिता अक्सर बताते हैं कि मलिका ने अपनी शादी के दिन भी ड्यूटी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी।

पश्चिम बंगाल से आंध्र प्रदेश कैडर तक का सफर
IPS बनने के बाद मलिका गर्ग की पहली नियुक्ति पश्चिम बंगाल कैडर में हुई थी। बाद में उनका इंटर-कैडर ट्रांसफर आंध्र प्रदेश में हुआ, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
'नो एक्सीडेंट डे' अभियान से मिली खास पहचान
कृष्णा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रहने के बाद जुलाई 2021 में मलिका गर्ग को प्रकाशम जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया। वह 2003 के बाद इस जिले की दूसरी महिला SP बनीं। यहां उन्होंने 'नो एक्सीडेंट डे' जैसे अभिनव अभियान की शुरुआत की, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए।
पालनाडु हिंसा पर पाया था काबू
2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान पालनाडु जिले में राजनीतिक हिंसा और तनाव बढ़ गया था। कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर चुनाव आयोग ने तत्कालीन SP को हटाकर मलिका गर्ग को जिम्मेदारी सौंपी।
पदभार संभालते ही उन्होंने सख्त कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों पर नियंत्रण पाया, हालात सामान्य किए और 4 जून को मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई। इस कार्रवाई की व्यापक सराहना हुई।

अब निभाएंगी नई जिम्मेदारी
SVPNPA में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में मलिका गर्ग अब देश के भावी IPS अधिकारियों के प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और पेशेवर क्षमता निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी।
