‘गांधी’ का चश्मा सिटी पैलेस संग्रहालय में
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘गांधी’ के मुख्य किरदार सर बेन किंग्स्ले का चश्मा अब यहां सिटी पैलेस स्थित संग्रहालय में संरक्षित किया जाएगा। किंग्स्ले द्वारा फिल्म में गांधीजी के किरदार को बखूबी निभाया गया था तथा 1982 में प्रदर्शित इस फिल्म को 11 ऑस्कर अवार्ड से नवाजा गया था।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘गांधी’ के मुख्य किरदार सर बेन किंग्स्ले का चश्मा अब यहां सिटी पैलेस स्थित संग्रहालय में संरक्षित किया जाएगा। किंग्स्ले द्वारा फिल्म में गांधीजी के किरदार को बखूबी निभाया गया था तथा 1982 में प्रदर्शित इस फिल्म को 11 ऑस्कर अवार्ड से नवाजा गया था।
फिल्म के निर्देशक लॉर्ड रिचर्ड एटनबरो के सम्मान में हाल ही में लंदन में आयोजित एक भव्य समारोह में महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी अरविन्द सिंह मेवाड़ को उनके जीवंत विरासत के क्षेत्र में किए जा रहे बहुआयामी कार्यों के तहत उक्त चश्मा भेंट स्वरूप प्रदान किया गया। अब यह चश्मा आगामी 20 जुलाई से सिटी पैलेस संग्रहालय में देखा जा सकेगा।
वर्तमान में नेशनल फिल्मस् एण्ड टेलीविजन स्कूल, लंदन के अध्यक्ष लॉर्ड रिचर्ड एटनबरो को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए गांधी फिल्म के निर्माता लॉर्ड डेविड पुतनम ने लंदन में गत दिनों एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया। इस समारोह में अरविंद सिंह मेवाड़ बतौर खास मेहमान उपस्थित थे।
सम्मान समारोह में इस बात का भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2004 में महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन द्वारा लॉर्ड एटनबरो को सर्वश्रेष्ठ कर्नल जेम्स टॉड अवार्ड से नवाजा गया था। एटनबरो को पूरे विश्व में गांधी फिल्म के निर्देशक के रूप में जाना जाता है। इसी फिल्म ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ फिल्म निर्देशक का ऑस्कर अवार्ड दिलवाया।
इस फिल्म के कई दृश्यों का फिल्मांकन उदयपुर के आसपास एवं जयपुर में किया गया था। फिल्म में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा पहने जाने वाले चश्मे का हूबहू प्रतिरूप बनाकर मुख्य किरदार सर बेन किंग्स्ले को पहनाया गया था।
महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर द्वारा जीवंत विरासत के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के परिणामस्वरूप गांधी फिल्म के निर्देशक लॉर्ड एटनबरो ने फिल्म की ऐतिहासिकता की याद में चश्मा अरविंद सिंह मेवाड़ को प्रदान करने की पेशकश की।
फिल्म के निर्माता लॉर्ड डेविड पुतनम ने समारोह में इसे अरविंद सिंह मेवाड़ को सौंपकर इस बात पर विश्वास जताया कि फाउण्डेशन के हाथों यह ऐतिहासिक चश्मा सौंपकर लॉर्ड एटनबरो ने सही निर्णय लिया है।
भारतीय वस्तुओं का ऐतिहासिक संग्रह जो कि विश्व में चहुंओर बिखेरा हुआ है, उसे मेवाड़ की छत के नीचे लाने में अरविंद सिंह मेवाड़ ने इसे मेवाड़ का गौरव बताया है।
विश्व भर में सराही गई फिल्म गांधी के प्रतीक स्वरूप यह चश्मा अब उदयपुर के सिटी पैलेस में संग्रहित किया जाएगा। आशा है कि विश्व भर के पर्यटकों को एक बार पुन: यह चश्मा फिल्म गांधी के अक्स स्वरूप दिखाई देगा।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal