गौरव साहू का कनाडा में होने वाली कॉमन वेल्थ पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन
झीलों की नगरी उदयपुर के युवा अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर गौरव साहू का कनाडा के सेंट जॉन्स शहर में 15 से 21 सितंबर तक आयोजित होने वाली कॉमन वेल्थ पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय टीम में चयन किया गया है।

झीलों की नगरी उदयपुर के युवा अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर गौरव साहू का कनाडा के सेंट जॉन्स शहर में 15 से 21 सितंबर तक आयोजित होने वाली कॉमन वेल्थ पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय टीम में चयन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद पुरोहित ने बताया कि गौरव 53 किलोग्राम भार में सब जूनियर केटेगरी में अपनी दावेदारी पेश करेंगे, जहां भारत सहित न्यूजीलैंड, कैमरून, घाना, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, त्रिनिडाड, वेल्स, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन सहित कई देशों के खिलाड़ियों को चुनौती देंगे।
गौरव पूर्व में भी हांगकांग में आयोजित हुई एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक जीत चुके हैं। वह भारतीय टीम के साथ 14 सितंबर को दिल्ली से कनाडा के लिए रवाना होंगे। गौरव अभी गत वर्ष दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम के कोच रहे अपने पिता विनोद साहू एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चंद्रेश सोनी के निर्देशन में कड़ी मेहनत कर रहे हैं तथा समय-समय पर उनको रेलवे टीम के कोच अर्जुन अवार्ड विजेता सजीवन भास्करन भी खेल की तकनीक एवं डाइट के बारे में गौरव को मार्गदर्शन दे रहे हैं।
गौरव को अभी अपने स्वयं के खर्चे पर कॉमन वेल्थ पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने जाना पड़ेगा। फिलहाल राजस्थान सरकार की ओर से उनको कोई आर्थिक मदद उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस हेतु गौरव की इच्छा है कि शहर के भामाशाह उसकी मदद के लिए आगे आए ताकि वह देश का नाम रोशन कर सकें।
गौरव का भारतीय टीम में चयन होने पर राजस्थान पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद पुरोहित, सचिव विनोद साहू, कोषाध्यक्ष सुनील आचार्य, जिलाध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव, जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष प्रमोद, कांग्रेस नेता दिनेश श्रीमाली, जिला संघ के चेयरमैन कमलेश शर्मा आदि कई लोगों ने गौरव को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।