हरियाणा में मकान का नक्शा पास कराना होगा आसान, अब बार-बार दफ्तरों के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में मकान या दूसरी इमारत बनाने के लिए नक्शा पास कराने की प्रक्रिया अब पहले से आसान हो सकती है। इसके लिए नगर व ग्राम आयोजना विभाग (डीटीसीपी) ने ऐसी ऑनलाइन व्यवस्था तैयार की है, जिसमें नक्शा जमा होते ही सॉफ्टवेयर उसकी जांच करेगा। नक्शे में भवन निर्माण के नियमों के अनुसार कोई कमी होगी तो उसकी जानकारी भी सामने आ जाएगी। इससे बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग ने इस व्यवस्था का दो महीने का ट्रायल शुरू कर दिया है। इसके तहत डीटीसीपी में पंजीकृत आर्किटेक्ट ऑनलाइन भवन नक्शा मंजूरी प्रणाली (ओबीपीएस) पर नक्शे अपलोड करेंगे। इसके बाद सॉफ्टवेयर हरियाणा भवन संहिता-2017 के नियमों के अनुसार नक्शे की जांच करेगा। साथ ही यह खुद जांच रिपोर्ट तैयार करेगा, मंजूरी के लिए तय फीस की गणना करेगा और अस्थायी मंजूरी प्रमाणपत्र भी जारी करेगा।
सॉफ्टवेयर से अस्थायी मंजूरी मिलने के बाद संबंधित जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) आवेदन और सभी दस्तावेजों की जांच करेंगे। अधिकारी देखेंगे कि नक्शा भवन निर्माण के नियमों के अनुसार है या नहीं और फीस की गणना सही हुई है या नहीं।
यह पूरी प्रक्रिया सात कार्यदिवस में पूरी करनी होगी। सब कुछ सही मिलने पर अंतिम मंजूरी प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। कोई कमी होने पर आवेदक को इसकी जानकारी दी जाएगी।
दो महीने में परखी जाएगी व्यवस्था
ट्रायल के दौरान सॉफ्टवेयर की जांच क्षमता, तकनीकी गड़बड़ियों और फीस की गणना में होने वाली संभावित गलतियों को परखा जाएगा। यदि सॉफ्टवेयर की जांच और भवन नियमों में कोई अंतर मिलता है तो अधिकारी इसकी जानकारी विभाग की आईटी टीम को देंगे। टीम कमियों को दूर करेगी। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से नक्शे पास कराने में लगने वाला समय कम होगा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।