गोगुन्दा में विवाद के बाद चाकूबाजी में युवक घायल

क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात
 | 
Stabbing in Gogunda

उदयपुर 27 दिसंबर 2025। गोगुंदा थाना क्षेत्र में बस यात्रा के दौरान हुए विवाद में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि दिनेश (22) पुत्र लक्ष्मीलाल नाई उदयपुर से बस में सवार होकर गोगुंदा आ रहा था। इसी दौरान फतेहपुरा, उदयपुर निवासी शाहनवाज (20) पुत्र फिरोज शाह उसी बस में आकर दिनेश के पास बैठ गया। यात्रा के दौरान शाहनवाज ने दिनेश से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे धमकी दी।

शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे दोनों गोगुंदा बस स्टैंड पर उतरे। इसके बाद करीब 7:30 बजे बैंक के सामने पहुंचते ही शाहनवाज ने दिनेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए चेतन (20) पुत्र किशनलाल नायक पर भी आरोपी ने चाकू से हमला किया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत गोगुंदा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। इस दौरान अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आक्रोश जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और लोगों को समझाइश कर शांत कराया।

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी शाहनवाज को डिटेन कर लिया है। संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थानाधिकारी ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।