1500 एकड़ में यहां शुरू होगा गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, Andhra Pradesh CM N Chandrababu Naidu : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू बुधवार को कर्नूल जिले के जोंनागिरी में 405 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित स्वर्ण खनन एवं प्रसंस्करण परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राज्य में व्यावसायिक स्तर पर सोने का उत्पादन औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री परियोजना की पहली इकाई का उद्घाटन करने के साथ-साथ इसके दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना जियो मैसूर सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ( Geo Mysore Services India Private Limited) और डेक्कन गोल्ड माइंस लिमिटेड (Deccan Gold Mines Limited) द्वारा विकसित की गई है।
देश की प्रमुख निजी स्वर्ण खनन परियोजनाओं में शामिल
यह परियोजना देश की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की स्वर्ण खनन परियोजनाओं में गिनी जा रही है। इसके शुरू होने से आंध्र प्रदेश को भारत के प्रमुख स्वर्ण उत्पादक क्षेत्रों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। अब तक देश में सोना खनन की पहचान मुख्य रूप से कर्नाटक के कोलार गोल्ड फील्ड्स से जुड़ी रही है।
1500 एकड़ में विकसित होगी परियोजना
राज्य सरकार ने जोंनागिरी स्वर्ण परियोजना के लिए 1500 एकड़ भूमि आवंटित की है। पहले चरण में 600 एकड़ क्षेत्र में खनन कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं प्रसंस्करण संयंत्र पहले ही स्थापित किया जा चुका है। उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ दूसरे चरण में शेष क्षेत्र का भी विकास किया जाएगा।
पहले वर्ष 400 किलो सोना उत्पादन का लक्ष्य
परियोजना से पहले वर्ष में लगभग 400 किलोग्राम सोने का उत्पादन होने का अनुमान है। अगले वर्ष से यह बढ़कर 900 किलोग्राम प्रतिवर्ष हो सकता है। भविष्य में उत्पादन क्षमता को दो टन प्रतिवर्ष तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
700 लोगों को मिलेगा रोजगार
इस परियोजना से करीब 700 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सरकार को होगा करोड़ों रुपये का लाभ
आंध्र प्रदेश सरकार को खदान से उत्पादित सोने के मूल्य पर 4 प्रतिशत रॉयल्टी प्राप्त होगी। अनुमान के अनुसार 400 किलोग्राम सोना उत्पादन पर सरकार को लगभग 57 करोड़ रुपये और 900 किलोग्राम उत्पादन पर करीब 144 करोड़ रुपये का राजस्व मिल सकता है।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू जोंनागिरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
