कैथल 28 नवंबर : डीसी अपराजिता ने बताया कि हरियाणा सरकार ने मधुमक्खी पालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल किया है। इस निर्णय से प्रदेश के मधुमक्खी पालकों को प्राकृतिक आपदाओं और अन्य जोखिमों से होने वाले संभावित नुकसान के विरुद्ध बीमा सुरक्षा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि एवं बागवानी से जुड़े व्यवसायों को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। योजना के तहत मधुमक्खी पालकों को प्रति कॉलोनी और प्रति बॉक्स मात्र 50 रुपये प्रीमियम देना होगा, जिसके बदले उन्हें प्रति कॉलोनी व बॉक्स 1,250 रुपये का बीमा कवर मिलेगा। इसके माध्यम से मधुमक्खी पालक अधिकतम 6 लाख 25 हजार रुपये तक का बीमा क्लेम प्राप्त कर सकेंगे।
डीसी ने बताया कि प्रदेश सरकार मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ शहद उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 16 अगस्त 2025 को कुरुक्षेत्र में शहद को भावांतर भरपाई योजना में शामिल करने की घोषणा की थी, जिसे 27 सितंबर 2025 को लागू कर दिया गया। इस योजना के तहत शहद का संरक्षित मूल्य 120 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने 7 मार्च 2026 को बजट अभिभाषण 2026-27 में मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल करने की घोषणा की थी। इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए इसे योजना के दायरे में लाया गया है। इससे मधुमक्खी पालकों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे बिना किसी अनावश्यक जोखिम की चिंता के इस व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगे।
डीसी अपराजिता ने जिले के मधुमक्खी पालकों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि मधुमक्खी पालन किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का एक बेहतर माध्यम है। सरकार की ऐसी योजनाएं इस क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगी।