चारधाम यात्रियों के लिए खुशखबरी ! हरिद्वार-ऋषिकेश बाईपास से सफर होगा सुपरफास्ट, लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा
Udaipur Times, Haridwar Bypass : दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) हरिद्वार और ऋषिकेश में दो बड़े बाईपास प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हरिद्वार शहर के ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और दिल्ली से ऋषिकेश व देहरादून का सफर पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम हो जाएगा।
हरिद्वार बाईपास का 80% काम पूरा
करीब 15.1 किलोमीटर लंबे चार लेन ग्रीनफील्ड हरिद्वार बाईपास का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। करीब ₹861 करोड़ की लागत से बन रहा यह बाईपास बहादराबाद से शुरू होकर एनएच-34 पर चंडी देवी मंदिर के पास समाप्त होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, पहले चरण को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अर्धकुंभ-2027 से पहले इसे चालू किए जाने की तैयारी है।
15 मिनट में पार होगा हरिद्वार शहर
बाईपास शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर से आने वाले वाहनों को बहादराबाद, ज्वालापुर, हर की पैड़ी, चंडी चौक और शंकराचार्य चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। वाहन शहर में प्रवेश किए बिना ही करीब 10 से 15 मिनट में हरिद्वार पार कर सीधे ऋषिकेश की ओर निकल सकेंगे।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी मिलेगा कनेक्शन
हरिद्वार बाईपास को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए स्पर लिंक रोड भी तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत अब तक 46 किलोमीटर छह लेन सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हरिद्वार आने वाले यात्रियों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
10 साल बाद ऋषिकेश बाईपास को मिली मंजूरी
करीब एक दशक से लंबित 12.5 किलोमीटर लंबे ऋषिकेश बाईपास को भी मंजूरी मिल चुकी है। यह मार्ग तीन पानी से शुरू होकर योग नगरी रेलवे स्टेशन के पीछे से गुजरते हुए चंद्रभागा नदी पर बने पुल के जरिए खारा स्रोत के पास बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा।
चारधाम यात्रियों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
ऋषिकेश बाईपास बनने के बाद चारधाम यात्रा पर जाने वाले वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। वाहन सीधे बद्रीनाथ हाईवे पर पहुंच सकेंगे, जिससे ऋषिकेश शहर का ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा। साथ ही चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान लगने वाले लंबे जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
