हरियाणा में 3 लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए खुशखबरी, स्वास्थ्य मंत्री ने किया बड़ा ऐलान
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराते हुए चिरायु आयुष्मान भारत योजना के व्यापक विस्तार की घोषणा की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की इस बड़ी पहल के तहत अब ₹1.80 लाख से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी नाममात्र का वार्षिक प्रीमियम देकर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकेंगे। योजना के अंतर्गत पात्रता परिवार पहचान-पत्र में दर्ज सत्यापित वार्षिक आय के आधार पर तय की जाएगी और पात्र परिवारों को प्रदेश के सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का नि:शुल्क एवं कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
आरती सिंह राव ने बताया कि योजना को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए आय स्लैब के अनुसार प्रीमियम दरें निर्धारित की गई हैं। इसके तहत ₹1.80 लाख से ₹3.00 लाख वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए ₹1,500 प्रति वर्ष, ₹3.00 लाख से ₹6.00 लाख आय वर्ग के लिए ₹4,000 प्रति वर्ष तथा ₹6.00 लाख से अधिक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए ₹5,000 प्रति वर्ष का प्रीमियम तय किया गया है।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण एवं भुगतान गेटवे पोर्टल 30 नवंबर, 2026 तक खुला रहेगा, जबकि नई पॉलिसी की अवधि 1 नवंबर, 2026 से 31 अक्टूबर, 2027 तक प्रभावी रहेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर प्रकाश डालते हुए आरती सिंह राव ने साझा किया कि आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण (AB-HHPA) के माध्यम से प्रदेश भर के 1,307 सूचीबद्ध अस्पतालों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और चिरायु योजना के तहत अब तक 40,27,391 लाभार्थियों को सफलतापूर्वक इलाज मुहैया कराया जा चुका है।
इसके अलावा, ₹1.8 लाख से ₹3 लाख आय वर्ग में अब तक 47,547 परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिल चुका है। सरकार द्वारा अब तक कुल ₹4,617.45 करोड़ रुपये के क्लेम का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है और पूरे राज्य में 1.42 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व चिरायु कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://chirayuayushmanharyana.in/ पर जाएं।