हरियाणा में किसानों के लिए आई Good News, अब आधे रेट पर मिलेंगे कृषि यंत्र, ऐसे करें आवेदन

 | 
हरियाणा में किसानों के लिए आई Good News, अब आधे रेट पर मिलेंगे कृषि यंत्र, ऐसे करें आवेदन

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा में कृषि विभाग ने किसानों को 50 फीसदी सब्सिडी पर कृषि यंत्र देने की योजना को शुरु किया है जिसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 3 अगस्त तक चलेगी।

कृषि उप निदेशक डॉ सुरेंद्र मलिक ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) मशीनों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक किसान विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कृषि उप निदेशक ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य फसल अवशेषों का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन सुनिश्चित करना है, जिससे पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगे तथा मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। उन्होंने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने और सरकार की इस लाभकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।

इन कृषि यंत्रों पर स्कीम के अंतर्गत अनुदान का प्रावधान

कृषि उप निदेशक डॉ सुरेंद्र मलिक ने बताया कि योजना के तहत सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर/मल्चर, श्रब मास्टर/रोटरी स्लेशर, हाइड्रोलिक रिवर्सिबल एम.बी. प्लाऊ, जीरो टिल सीड फर्टिलाइजर ड्रिल, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, स्ट्रॉ बेलर, स्ट्रॉ रेक, क्रॉप रीपर, ट्रैक्टर माउंटेड लोडर तथा ट्रैक्टर ड्रिवन टेडर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान का प्रावधान है।

किसान केवल एक मशीन के लिए कर सकता है आवेदन

डॉ मलिक ने बताया कि एक परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से केवल एक ही किसान एक मशीन के लिए आवेदन कर सकेगा तथा अनुदान भी केवल एक मशीन पर ही दिया जाएगा। यदि किसी किसान का चयन बेलर के लिए होता है तो उसे स्ट्रॉ रेक तथा रोटरी स्लेशर/श्रब मास्टर खरीदने की भी अनुमति होगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए "मेरी फसल मेरा ब्यौरा" पोर्टल पर वर्ष 2025-26 की खरीफ एवं रबी फसलों का पंजीकरण, पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, पैन कार्ड, बैंक खाते का विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज निर्धारित नियमों के अनुसार प्रस्तुत करने होंगे। पात्र किसानों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति (डीएलईसी) द्वारा ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए किसान कार्य दिवसों में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, झज्जर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News