हरियाणा में गेस्ट टीचरों के लिए खुशखबरी, पहली बार ट्रांसफर ड्राइव में होंगे शामिल

 | 
हरियाणा में गेस्ट टीचरों के लिए खुशखबरी, पहली बार ट्रांसफर ड्राइव में होंगे शामिल 

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में गेस्ट टीचरों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। प्रदेश के मॉडल संस्कृति, पीएमश्री और सीएमईई सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग ने टीचर्स ट्रांसफर ड्राइव में ऐतिहासिक बदलाव किया है। इस बार विभाग ने टू-स्टेप ट्रांसपेरेंट अलॉटमेंट प्रक्रिया अपनाई है। नियमित शिक्षकों की पोस्टिंग के बाद खाली बचने वाले पदों को भरने के लिए पहली बार गेस्ट टीचर्स को भी अपनी पसंद का स्टेशन चुनने का मौका मिलेगा।

गेस्ट टीचर्स 20 व 21 सितंबर को ऑनलाइन मनपसंद स्टेशन भर सकेंगे। इसके बाद 22 और 23 सितंबर को स्टेशन अलॉट किए जाएंगे। यानी नियमित शिक्षकों की पोस्टिंग पूरी होते ही विभाग खाली बची सीटों की नई तस्वीर के आधार पर गेस्ट शिक्षकों का राउंड शुरू करेगा। इस बदलाव का सबसे बड़ा मकसद मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और सीएमईई स्कूलों में 10वीं और 12वीं जैसी बोर्ड कक्षाओं की पढ़ाई के बीच विषय अध्यापकों के पद लंबे समय तक खाली नहीं रहने देना है। पहले नियमित शिक्षकों की पसंद और मेरिट के आधार पर स्कूल आवंटित होंगे। इसके बाद जहां शिक्षक नहीं पहुंच पाएंगे, वहां गेस्ट टीचर लगाए जाएंगे।

बोर्ड कक्षाओं में विषय शिक्षक का गैप नहीं बढ़ेगा 

मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और सीएमईई स्कूलों में कई विषयों की पढ़ाई विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के जरिए होती है। ऐसे में किसी विषय का पद खाली रहने पर विद्यार्थियों को शिक्षक मिलने में देरी का असर पढ़ाई पर पड़ सकता है। विभाग की नई व्यवस्था में पहले रेगुलर शिक्षक से सीट भरने और फिर उसी सीट के खाली रहने पर गेस्ट शिक्षक भेजने का रास्ता बनाया गया है।

इस बार का ट्रांसफर मॉडल अलग क्यों?

विभाग ने वॉलेंटरी पार्टिसिपेशन और पदों के पुनर्मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) के बाद विषयवार और स्कूलवार वास्तविक खाली पदों का डेटा पहले सार्वजनिक किया है। इससे अध्यापकों को मनपसंद स्टेशन भरते समय सटीक स्थिति पता रहे। वहीं अब तक रेगुलर ट्रांसफर पूरा होने के बाद गेस्ट टीचर्स की नियुक्ति महीनों तक लटकी रहती थी। इस बार दोनों प्रक्रियाएं एक साथ जोड़ी गई हैं, ताकि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का सिलेबस बीच में न छूटे। इसके साथ महिलाओं, दिव्यांगों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित अध्यापकों और वरिष्ठ स्टाफ को नीति के तहत प्राथमिकता अंकों का सीधा लाभ दिया गया है।

203 पदों पर शुरू हुई थी पोस्टिंग की प्रक्रिया

हिसार जिले के 41 मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और सीएमईई स्कूलों में शुरुआत में 203 पद खाली थे। इनमें पीएम श्री स्कूलों के 71, मॉडल संस्कृति स्कूलों के 64 और सीएमईई स्कूलों के 68 पद शामिल हैं। सोशल साइंस, केमेस्ट्री और बायोलॉजी समेत अलग-अलग विषयों के पद इस सूची में हैं। नियमित शिक्षकों से 15 से 17 सितंबर तक मनपसंद स्टेशन भरवाए गए। 18 और 19 सितंबर को सिस्टम के जरिए अलॉटमेंट का चरण रखा गया है। इस प्रक्रिया के बाद सभी रिक्त पद नहीं भरते तो बची हुई वैकेंसी ही गेस्ट टीचर्स के लिए उपलब्ध होगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News