ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी ! अब 25 दिन पर बुक करा सकेंगे रसोई गैस सिलेंडर
Udaipur Times, New Delhi : ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी आई है। अब ग्रामीण इलाकों के घरेलू एलपीजी (तरल पेट्रोलियम गैस) ग्राहक भी 25 दिन में रिफिल के लिए सिलेंडर बुक करा सकेंगे। इससे बुर्किंग का समय शहरी इलाकों में लागू अवधि के बराबर हो जाएगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को कहा कि घरेलू एलपीजी आपूर्ति में सुधार और वैकलाग में कमी को देखते हुए सरकार ने सिलेंडर बुर्किंग पर लगी पाबंदियों में ढील दी है।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण आपूर्ति पर दबाव के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में बुर्किंग का अंतर 45 दिन कर दिया गया था। शहरी क्षेत्रों में यह अवधि 25 दिन थी। हालांकि, स्थिति में सुधार को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसमें रियायत देने का फैसला किया है। अब शहरी या ग्रामीण इलाकों में रहने वाले सभी घरेलू उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल पर रसोई गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने फेसबुक पर पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से तेल विपणन कंपनियों को भेजे गए पत्र की कापी भी साझा की, जिसमें उन्हें बुर्किंग के बदले हुए समय-अंतराल को तुरंत लागू करने का निर्देश दिया गया है। इससे पहले जून में सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पर लगी पाबंदियां हटा ली थीं।