उज्जैन जाने वालों के लिए खुशखबरी ! जल्द तैयार होगा ये नया हाईवे, घंटों का सफर मिनटों में होगा पूरा

 | 
उज्जैन जाने वालों के लिए खुशखबरी ! जल्द तैयार होगा ये नया हाईवे, घंटों का सफर मिनटों में होगा पूरा 

Udaipur Times, Indore-Ujjain Highway : मध्य प्रदेश में 2028 के सिंहस्थ महाकुंभ को देखते हुए इंदौर-उज्जैन के बीच बन रहे सिक्स लेन हाईवे का काम तेजी से चल रहा है। करीब 46 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसे जनवरी 2027 तक शुरू करने की तैयारी है। हाईवे के तैयार होने के बाद इंदौर और उज्जैन के बीच सफर आसान होने के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और जयपुर जैसे बड़े शहरों से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

35-40 मिनट में इंदौर से उज्जैन का सफर होगा तय

फिलहाल इंदौर और उज्जैन के बीच करीब 55 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रैफिक और शहरों के भीतर जाम के कारण 1.5 से 2 घंटे तक लग जाते हैं। सिक्स लेन हाईवे तैयार होने के बाद यही सफर करीब 35 से 40 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। यह हाईवे इंदौर के अरविंदो अस्पताल से शुरू होकर उज्जैन के हरिफाटक ओवरब्रिज तक बनाया जा रहा है। सिंहस्थ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह सड़क काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कुम्भ  में आने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

उज्जैन में 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे। इंदौर एयरपोर्ट उज्जैन के लिए प्रमुख हवाई संपर्क केंद्र है। ऐसे में इंदौर से उज्जैन के बीच तेज और सुगम सड़क कनेक्टिविटी होने से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

नए हाईवे से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को शहरों के बीच बार-बार लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा पूरा नेटवर्क

इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन हाईवे का कनेक्शन आगे दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर और पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया से मजबूत होगा। इससे दिल्ली और मुंबई समेत देश के कई बड़े शहरों से उज्जैन की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से आने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों को भी इसका फायदा मिलेगा। पुणे और नागपुर जैसे शहरों से आने वाले लोगों के लिए भी उज्जैन पहुंचना आसान हो सकता है।

चार राज्यों से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

इस प्रोजेक्ट के जरिए मध्य प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली क्षेत्र की ओर और मजबूत होने की उम्मीद है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

खासकर कुम्भ  के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह हाईवे एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग साबित हो सकता है। करीब 46 किलोमीटर लंबे इस सिक्स लेन हाईवे का 80 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। अब बचे हुए काम को तेजी से पूरा करने पर जोर है। इसे जनवरी 2027 तक वाहनों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।

हाईवे शुरू होने के बाद इंदौर-उज्जैन के बीच यात्रा का समय घटने के साथ दोनों शहरों के बीच व्यापार, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News