हरियाणा में रक्षा बंधन पर महिलाओं-बच्चों के लिए खुशखबरी ! रोडवेज बसों में कर सकेंगे फ्री यात्रा
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में रक्षा बंधन पर महिलाओं-बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। हरियाणा सरकार ने रक्षा बंधन पर महिलाओं और बच्चों के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। यह सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी। 15 वर्ष तक के बच्चे भी अपनी माताओं के साथ हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
परिवहन विभाग के निदेशक कार्यालय ने हरियाणा के सभी महाप्रबंधकों को इस बारे में पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार यह छूट हरियाणा राज्य के भीतर चलने वाली सभी साधारण बसों में मिलेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली तक जाने वाली बसों में भी यह सुविधा दी जाएगी।
रक्षा बंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। विभाग ने सभी महाप्रबंधकों को पर्याप्त संख्या में बसें चलाने के निर्देश दिए हैं ताकि महिलाओं को कोई दिक्कत न हो।
रोडवेज के कर्मचारियों को यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। बस अड्डों पर सुरक्षा और बसों के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन से पुलिस बल तैनात करने का भी अनुरोध किया गया है। बस अड्डों पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए विभाग का स्टाफ मौजूद रहेगा। ब्यूरो