दुर्गा पूजा पर सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा बोनस, अक्टूबर की सैलरी के साथ मिलेगा 20% अतिरिक्त DA

 | 
दुर्गा पूजा पर सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा बोनस, अक्टूबर की सैलरी के साथ मिलेगा 20% अतिरिक्त DA  

Udaipur Times, DA Hike News : सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को दुर्गा पूजा से पहले अक्टूबर महीने का वेतन दिया जाएगा। साथ ही अक्टूबर से 20 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता (DA) भी जारी किया जाएगा।

कोलकाता स्थित भवानी भवन (पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय) में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वित्त सचिव और वित्त मंत्री को निर्देश दिए हैं कि दुर्गा पूजा से पहले ही अक्टूबर का वेतन कर्मचारियों के खातों में पहुंचा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा के महीने में अतिरिक्त 20 प्रतिशत DA भी जारी किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के बजट में किए गए ऐलान के अनुसार यह 20 प्रतिशत अतिरिक्त DA अक्टूबर से प्रभावी होगा। यदि यह फैसला लागू होता है तो कर्मचारियों को इस वर्ष मध्य अक्टूबर में होने वाली दुर्गा पूजा से पहले ही वेतन मिल जाएगा।

7.5 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा लाभ

सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य के करीब 7.5 लाख सरकारी कर्मचारियों, अर्द्धसरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा। अतिरिक्त महंगाई भत्ता मिलने से उनकी मासिक आय में बढ़ोतरी होगी, जबकि त्योहार से पहले वेतन मिलने से उन्हें खरीदारी और अन्य जरूरी खर्चों के लिए आर्थिक राहत मिलेगी।

केंद्र और राज्य के DA में 42 प्रतिशत का अंतर

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 42 प्रतिशत का अंतर है। उन्होंने कहा कि इस अंतर को एक साथ खत्म करना संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार इसे धीरे-धीरे कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

7वें वेतन आयोग की सिफारिशें होंगी लागू

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 7वें वेतन आयोग का गठन कर दिया है। आयोग अगले कुछ महीनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगा, जिसके बाद उसकी सिफारिशों को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई राज्यों ने अपने कर्मचारियों के वेतन ढांचे में संशोधन कर दिया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।

पुलिस कर्मियों की आर्थिक स्थिति का भी किया जिक्र

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि आईपीएस रैंक से नीचे के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले पर्याप्त महत्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह पुलिस कर्मियों ने भी पिछले कुछ वर्षों में आर्थिक कठिनाइयों का सामना किया है और सरकार उनकी स्थिति में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News