राज्यपाल बागड़े ने किया विश्व धरोहर कुम्भलगढ़ दुर्ग का अवलोकन
Udaipur Times, Rajsamand News: 25 जून 2026। महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने गुरुवार दोपहर विश्व प्रसिद्ध कुम्भलगढ़ दुर्ग स्थित महाराणा प्रताप की जन्मस्थली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दुर्ग के विभिन्न भागों का पैदल ही अवलोकन करते हुए ऐतिहासिक धरोहर की भव्यता एवं स्थापत्य कला को निकट से देखा। Rajsamand News
भ्रमण के दौरान कुम्भलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कालाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि-अधिकारी उपस्थित रहे। महामहिम राज्यपाल ने दुर्ग की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। Rajsamand News
हेरिटेज सोसायटी के सचिव कुबेर सिंह सोलंकी ने महामहिम राज्यपाल को कुम्भलगढ़ दुर्ग के इतिहास, स्थापत्य विशेषताओं, मेवाड़ के विभिन्न शासकों के योगदान तथा दुर्ग से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने दुर्ग की विश्वस्तरीय पहचान, इसकी विशाल प्राचीर तथा पर्यटन की दृष्टि से इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला।
महामहिम राज्यपाल बागड़े ने कुम्भलगढ़ दुर्ग को अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करता है तथा भावी पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्ग पर आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
