बिजली उत्पादन के लिए सरकार इन परियोजनाओं की करेगी शुरुआत, 110 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
Udaipur Times, Bihar Govt. : बिहार के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, बिहार में बिजली उत्पादन बढ़ाने और भविष्य की ऊर्जा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज एवं परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के विकास की दिशा में पहल की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इन परियोजनाओं को लेकर मंगलवार को बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) के प्रबंध निदेशक विशाल राज की अध्यक्षता में जल संसाधन विभाग और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बताया जा रहा है की परियोजनाओं के लिए जमीन, जलाशयों के उपयोग और पानी की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में औरंगाबाद में 110 एकड़ जमीन की उपलब्धता, फुलवरिया जलाशय में फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने तथा पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के लिए जलाशयों के इस्तेमाल की संभावनाओं पर विचार किया गया।
परमाणु ऊर्जा परियोजना के लिए जल आवंटन का मुद्दा भी उठा। परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ावा देना और भविष्य की बिजली जरूरतों के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करना है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
ऊर्जा सचिव एवं बिजली कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा कि ऊर्जा परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए भूमि, जल संसाधन और आवश्यक स्वीकृतियों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान जरूरी है।