NCR में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू ! वायु प्रदूषण रोकने के लिए ये सख्त निर्देश जारी

 | 
NCR में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू ! वायु प्रदूषण रोकने के लिए ये सख्त निर्देश जारी 

बहादुरगढ़, 10 नवंबर : एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण (ग्रैप-3) को लागू किया गया है। इसके तहत प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से विभिन्न पाबंदियां प्रभावी की गई हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रैप-3 के तहत जारी दिशा-निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर प्रतिबंध

डीसी ने बताया कि ग्रैप-3 के तहत निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से जुड़ी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में इन प्रतिबंधों की निगरानी करने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रदूषण नियंत्रण में आमजन की भागीदारी भी जरूरी

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सीएक्यूएम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और ऐसे किसी भी कार्य से बचें, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ता हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिला के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं शुद्ध हवा मिल सके।

इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सभी नागरिक ग्रैप-3 के तहत लागू पाबंदियों का पालन करें और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में सहयोग दें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News