दिल्ली-हरियाणा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! 6 लेन होगी ये सड़क, जाम से मिलेगी राहत

 | 
दिल्ली-हरियाणा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! 6 लेन होगी ये सड़क, जाम से मिलेगी राहत 

Udaipur Times, Delhi to Haryana : दिल्ली और हरियाणा के बीच सफर करने वाले हजारों लोगों को जल्द ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने नजफगढ़ फिरनी रोड को मौजूदा 2 लेन से बढ़ाकर 6 लेन करने की योजना तैयार की है। इस परियोजना का उद्देश्य द्वारका, मटियाला, उत्तम नगर, विकासपुरी, तिलक नगर, जनकपुरी और बहादुरगढ़ के बीच आवागमन को आसान बनाना है।

रोजाना लगने वाले जाम से मिलेगी राहत

नजफगढ़ फिरनी रोड बहादुरगढ़ जाने का प्रमुख मार्ग है, लेकिन सड़क किनारे बाजार और रिहायशी इलाकों के कारण यहां दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क की मूल चौड़ाई करीब 30 फीट है, लेकिन अतिक्रमण के चलते कई स्थानों पर यह घटकर 20 से 25 फीट रह गई है।

अतिक्रमण हटाकर होगी सड़क चौड़ी

PWD अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण से पहले सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इसके अलावा सड़क के बीच लगे बिजली के पोल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, ताकि सड़क की पूरी चौड़ाई का उपयोग किया जा सके और वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सके।

पार्किंग की भी होगी व्यवस्था

परियोजना के तहत ट्रैफिक जाम कम करने के लिए मार्केट एरिया, धांसा बस स्टैंड, नजफगढ़ थाना, धांसा-बहादुरगढ़ टी-जंक्शन और धांसा-नजफगढ़ फिरनी रोड जंक्शन पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी।

फ्लाईओवर की जगह सड़क चौड़ीकरण

पहले इस मार्ग पर फ्लाईओवर बनाने की योजना थी, लेकिन व्यवहार्यता अध्ययन (फिजिबिलिटी स्टडी) के बाद इसे रद्द कर दिया गया। अब सड़क को 6 लेन में बदलने का फैसला लिया गया है।

हजारों यात्रियों को होगा फायदा

अधिकारियों का कहना है कि सड़क के 6 लेन होने से नजफगढ़ और बहादुरगढ़ के बीच यात्रा का समय कम होगा। इससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और बाजारों व आसपास की कॉलोनियों में भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News