UPI यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी ! बिना इंटरनेट भी ऐसे कर सकेंगे Online पेमेंट

 | 
UPI यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी ! बिना इंटरनेट भी ऐसे कर सकेंगे Online पेमेंट 

Udaipur Times, Tap To Pay UPI New Feature : डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने की दिशा में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक नई तकनीक पर काम कर रहा है। इस नई सुविधा के तहत यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी दुकानों पर लगी PoS (Point of Sale) मशीन पर UPI से भुगतान कर सकेंगे। यह फीचर NFC (Near Field Communication) तकनीक पर आधारित होगा और खासतौर पर उन जगहों पर बेहद उपयोगी साबित होगा, जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता या नेटवर्क बहुत कमजोर रहता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यूजर को पहले इंटरनेट से जुड़े रहने के दौरान अपने UPI Lite वॉलेट में पैसे लोड करने होंगे। इसके बाद जब भी वह किसी NPCI-प्रमाणित ऑफलाइन PoS टर्मिनल पर भुगतान करेगा, तो सिर्फ NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को मशीन पर टैप करना होगा। इस प्रक्रिया में न तो इंटरनेट की जरूरत होगी और न ही UPI PIN दर्ज करना पड़ेगा।

ऐसे करेगा काम नया ऑफलाइन UPI सिस्टम

ऑफलाइन PoS मशीन भुगतान की जानकारी और ऑथराइजेशन को अपने सिस्टम में सुरक्षित रखेगी। जैसे ही मशीन या संबंधित सिस्टम दोबारा इंटरनेट से जुड़ेगा, वह ट्रांजैक्शन की जानकारी बैंक को भेज देगा और भुगतान पूरा हो जाएगा। इससे विमान यात्रा, अंडरग्राउंड मेट्रो, सुरंगों और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में भी आसानी से डिजिटल पेमेंट की जा सकेगी।

2,000 रुपये तक कर सकेंगे भुगतान

रिपोर्ट के अनुसार, इस नए फीचर के तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये तक का ऑफलाइन UPI भुगतान किया जा सकेगा। हालांकि, फिलहाल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ऑफलाइन डिजिटल पेमेंट नियमों के तहत सामान्य ऑफलाइन ट्रांजैक्शन की सीमा 500 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन है, जबकि ऑफलाइन बैलेंस की अधिकतम सीमा 2,000 रुपये निर्धारित है। ऐसे में NPCI की ओर से अभी इस नए फीचर के लिए आधिकारिक संचालन संबंधी दिशानिर्देश जारी किए जाने बाकी हैं।

2026 से शुरू हो सकती है PoS मशीनों की सर्टिफिकेशन

बताया जा रहा है कि NPCI वर्ष 2026 के दौरान प्रमुख PoS टर्मिनल निर्माताओं की मशीनों को इस नई सुविधा के लिए प्रमाणित करना शुरू कर सकता है। इसके बाद बैंक और Google Pay, PhonePe, Paytm जैसे थर्ड पार्टी UPI ऐप भी अपने प्लेटफॉर्म पर इस सुविधा को जोड़ेंगे।

UPI Lite X से कैसे होगा अलग?

NPCI ने साल 2023 में UPI Lite X लॉन्च किया था, जिसमें NFC की मदद से सीमित ऑफलाइन भुगतान की सुविधा दी गई थी। नया सिस्टम उससे अलग होगा क्योंकि इसमें भुगतान QR कोड या साउंडबॉक्स की बजाय सीधे प्रमाणित PoS मशीनों पर किया जाएगा। इससे दुकानदार अपने मौजूदा स्वाइप मशीन पर ही ऑफलाइन UPI पेमेंट स्वीकार कर सकेंगे।

तेजी से बढ़ रहा है UPI का इस्तेमाल

NPCI के आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में UPI के जरिए 22.72 बिलियन से अधिक ट्रांजैक्शन किए गए, जिनकी कुल वैल्यू 28.92 लाख करोड़ रुपये रही। ऐसे में ऑफलाइन UPI फीचर आने के बाद डिजिटल भुगतान और भी तेज, आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News