हरियाणा में GST इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़/गुरुग्राम : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गुरुग्राम यूनिट ने जीएसटी नंबर जारी करने के बदले 7,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में जीएसटी इंस्पेक्टर श्रुति रानी को गिरफ्तार किया है।
जीएसटी नंबर जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत,एसीबी के ट्रैप में फंसी आरोपी
शिकायतकर्ता की शिकायत के अनुसार, जीएसटी इंस्पेक्टर श्रुति रानी ने जीएसटी नंबर जारी करने के एवज में 7,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम की टीम ने नियमानुसार ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी जीएसटी इंस्पेक्टर को 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 45, दिनांक 23 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
यह ट्रैप कार्रवाई एसीबी गुरुग्राम यूनिट के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत तुरंत एसीबी को दें
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।