स्वतंत्रता दिवस पर गुरुग्राम पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, देखें नया रूट डायवर्जन
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली-NCR में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली की सीमाओं पर भारी और कमर्शियल व्हीकल्स के प्रवेश को लेकर विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी और रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। इसके तहत आज शाम 5 बजे से ही दिल्ली की सीमाओं को भारी वाहनों के लिए पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में ट्रकों और अन्य भारी सामान ढोने वाले वाहनों के प्रवेश पर यह प्रतिबंध दो अलग-अलग चरणों में लागू किया जा रहा है। पहला चरण आज शाम 5:00 बजे से शुरू होकर अगले दिन यानी 13 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहेगा। यह पाबंदी मुख्य रूप से 13 अगस्त की सुबह लाल किले पर होने वाली फुल-ड्रेस रिहर्सल को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए लगाई गई है।
इसके अलावा दूसरा चरण मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए 14 अगस्त की शाम 5:00 बजे से पाबंदी दोबारा शुरू होगी, जो 15 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-48 समेत गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख बॉर्डरों पर ट्रकों की एंट्री पूरी तरह वर्जित रहेगी। इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, आम जनता की सहूलियत और आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से पूरी तरह बाहर रखा है। इसके अलावा, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन गाड़ियां हमेशा की तरह सामान्य रूप से आ-जा सकेंगी।
हवाई यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट जाने वाले निजी और कमर्शियल पैसेंजर वाहनों को NH-48 के रास्ते दिल्ली जाने की विशेष छूट दी गई है।
