हज 2026: मीना के टेंट्स में सभी हाजियों को सोफ़ा-कम-बेड उपलब्ध कराया जाएगा
मुंबई 12 जनवरी 2026। हज यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मुंबई में आयोजित हज ट्रेनर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान हज यात्रियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ और दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में हज व्यवस्था, आवास, भोजन, चिकित्सा और सुविधाओं से संबंधित अहम अपडेट साझा किए गए।
प्रोग्राम के दौरान बताया गया कि मक्का की अज़ीज़िया बिल्डिंग्स में खाना पकाने की अनुमति नहीं होगी और वहाँ किसी भी प्रकार की किचन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इसी तरह मदीना में भी खाना पकाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
हज अधिकारियों ने जानकारी दी कि तमाम हाजियों को हज सुविधा स्मार्ट वॉच दी जाएगी, जिसका उपयोग अनिवार्य होगा। यह स्मार्ट वॉच हज यात्रियों की निगरानी, सुरक्षा और सुविधा प्रबंधन में सहायक होगी।
आवास व्यवस्था को लेकर स्पष्ट किया गया कि मर्द और औरतों को एक ही बिल्डिंग और एक ही फ्लोर पर ठहराया जाएगा, लेकिन उनके कमरे अलग-अलग होंगे। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि पहले की तरह हाजियों को सऊदी रियाल नहीं दिए जाएंगे।
मीना में ठहराव की व्यवस्था को लेकर बताया गया कि मीना के टेंट्स में सभी हाजियों को सोफ़ा-कम-बेड उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर संबंधित हाजी का नाम, फोटो और पूरी पहचान जानकारी अंकित होगी। इसके अलावा सामान रखने के लिए लगेज रैक की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया गया कि तमाम हाजियों को एक बार फिर मेडिकल चेक-अप (फिटनेस टेस्ट) कराना अनिवार्य होगा, जिसकी विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कमरों के अंदर इलेक्ट्रिक कुकर या स्टोव का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही मक्का और मदीना में हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से कोई कैटरिंग सेवा प्रदान नहीं की जाएगी, ऐसे में हाजियों को अपने भोजन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
हज ट्रेनर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान इन दिशा-निर्देशों को गंभीरता से पालन करने की अपील की गई ताकि हज यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू बनाया जा सके।
#Hajj2026 #HajjNews #HajjUpdates #HajjCommitteeOfIndia #MinaTents #Makkah #Madinah #UdaipurNews #UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial