हरियाणा में 27 सितंबर को यहां आयोजित होगी हाफ मैराथन-2026, देखें प्रशासन का पूरा रूटमैप ?
Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद : उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि आगामी 27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड, फरीदाबाद में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 के लिए निर्धारित रूट मैप जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हाफ मैराथन का शुभारंभ एवं समापन सूरजकुंड मेला ग्राउंड से होगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन में देश-विदेश से धावक भाग लेंगे। निर्धारित रूट के अनुसार 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, ग्रीनफील्ड, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, एशियन अस्पताल, सेक्टर-20 मार्केट तथा धौज चौक सहित निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगी। वहीं, 5 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों के लिए एनएचपीसी कॉलोनी के पास 5 किलोमीटर यू-टर्न, जबकि 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों के लिए मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट के समीप 10 किलोमीटर यू-टर्न निर्धारित किया गया है। निर्धारित यू-टर्न से वापस लौटते हुए सभी प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होकर सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां दौड़ का समापन होगा।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन 21 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 6 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 7 बजे तथा 5 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 7:15 बजे होगा। सभी प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित दौड़ के प्रारंभ समय से कम से कम 60 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। आयोजन स्थल के गेट प्रातः 5 बजे खोल दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिभागियों को प्रवेश के लिए अपना बिब (BIB) और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रतिभागियों की सुविधा के लिए रूट पर विभिन्न स्थानों पर वॉटर स्टेशन, शौचालय, चीयरिंग स्टेशन तथा एंबुलेंस प्वाइंट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बसों के लिए भी पृथक पार्किंग व्यवस्था की गई है, ताकि आयोजन स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और नशामुक्त हरियाणा के संदेश को मजबूत बनाएं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे निर्धारित रूट, समय और आयोजन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।