हरियाणा में 27 सितंबर को आयोजित होगी हॉफ मैराथॉन, भाग लेने के लिए ऐसे करें आवेदन
Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद : अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजली श्रोत्रिया ने हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम की श्रृंखला में आगामी 27 सितंबर को आयोजित होने वाली फरीदाबाद हॉफ मैराथॉन की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथॉन को लेकर आमजन को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि मैराथॉन केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि शिक्षा विभाग, खेल विभाग, रोडवेज, आरटीए, स्वास्थ्य विभाग, डीएलसी, एलडीएम, पुलिस विभाग, डिस्ट्रिक्ट टाउन एंड कंट्री प्लांनिग, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सहित सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को फरीदाबाद हॉफ मैराथॉन से जोड़ें। विभागों द्वारा अपने अधीनस्थ संस्थानों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, खेल प्रेमियों तथा आम नागरिकों को मैराथॉन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए और उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 के लिए पंजीकरण पोर्टल पर अलग-अलग श्रेणियां उपलब्ध हैं। इनमें 5 किलोमीटर रन विद्यार्थियों के लिए, 10 किलोमीटर रन तथा 21 किलोमीटर हाफ मैराथन शामिल हैं। 5 किलोमीटर रन में भाग लेने के निःशुल्क, जबकि 10 किलोमीटर रन के लिए 200 रुपये तथा 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के लिए 300 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग आयु वर्ग एवं क्षमता के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल https://faridabadhalfmarathon.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 5 किलोमीटर रन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट भी उपलब्ध करवाई जाएगी तथा आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के फोटोग्राफ उपलब्ध करवाने की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ पूरी करना नहीं, बल्कि लोगों को एकजुट कर स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार समाज का संदेश देना है। उन्होंने जिले के सभी विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का हिस्सा बनें और ‘नशामुक्त हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा’ के संदेश को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का एक साथ दौड़ना न केवल फरीदाबाद की एकजुटता का संदेश देगा, बल्कि युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करेगा।
बैठक में सीईओ जिला परिषद शिखा, नगर निगम जॉइंट कमिश्नर अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, आरटीओ सचिव मुनीश सहगल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।