हरियाणा में हलका पटवारी और निजी सहायक गिरफ्तार, 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा
चंडीगढ़/सोनीपत, 11 नवंबर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने सोनीपत के कबीरपुर क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसके निजी सहायक साहिल को 7,000 रुपये की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी निजी सहायक साहिल को शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसके बाद हलका पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति देने के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसका निजी सहायक साहिल उसके नाम इंतकाल दर्ज करने तथा उसकी प्रति उपलब्ध करवाने के बदले 7,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान निजी सहायक साहिल को शिकायतकर्ता से 7,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इसके बाद मामले में संलिप्तता के आरोप में हलका पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
एसीबी यूनिट भिवानी द्वारा बिछाया गया ट्रैप
यह कार्रवाई एसीबी यूनिट भिवानी के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री निखिल राठी, एक्सईएन, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), भिवानी मौजूद रहे। ट्रैप की कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर संख्या 36, दिनांक 11 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 11 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।
‘सतर्क हरियाणा’ ऐप के माध्यम से भी दर्ज कराएं भ्रष्टाचार की शिकायत
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सरकारी तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अथवा उसकी ओर से कार्य करने वाला कोई निजी व्यक्ति किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं।
इस ऐप के जरिए नागरिक अपनी शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो या पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं।