अब गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा हरिद्वार, लोगों को मिलेगा बेहतर फायदा और कनेक्टिविटी
Udaipur Times, Ganga Expressway : देश में हाईवे और एक्सप्रेसवे का निर्माण बड़ी तेजी से हो रहा है। जिससे लोगों का सफर और भी आसान हो गया है। गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के बीच MOU हो चुका है। इसमें दोनों राज्यों की जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी गई हैं। ये मार्ग बिजनौर से होते हुए हरिद्वार तक जाएगा।जिसकी कुल लंबाई करीब 30 किलोमीटर होगी।
गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पास है। दोनों राज्यों के बीच पिछले महीने इस परियोजना को लेकर सहमति बनी थी।
उत्तराखंड पर नहीं होगा निर्माण का वित्तीय भार
इस समझौते के अनुसार हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे के निर्माण का वित्तीय भार उत्तराखंड पर नहीं पड़ेगा। उत्तराखंड सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग में सहयोग किया जाएगा। शासन के अधिकारियों के अनुसार परियोजना से जुड़े दोनों MOU पिछले महीने ही अंतिम रूप ले चुके थे। समझौते को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल चुकी है।
बिजनौर से होकर करीब 30 किलोमीटर का मार्ग
हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए प्रस्तावित मार्ग बिजनौर से होकर जाएगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सड़क संपर्क और बेहतर होने की उम्मीद है। परियोजना को लेकर दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठकें भी हो चुकी हैं। अब निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक पहुंचने से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
