हरियाणा में नशा तस्कर के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मकान पर चलाया पीला पंजा
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा में नशा तस्कर के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सिरसा जिले में नशा तस्कर के मकान पर आज शनिवार को प्रशासन के द्वारा पीला पंजा चलाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने मकान को ध्वस्त कर ढहा दिया। दोपहर के समय करीब दो घंटे तक ये कार्रवाई चली और भवन मलबे में बदल गया। बताया जा रहा है की नशा तस्कर ने पंचायत की जगह पर कब्जा किया हुआ था। इस कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी और कालांवाली पुलिस टीम मौजूद रही।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, नशा तस्करी का आरोपी अमरजीत सिंह कालांवाली के दादू गांव का रहने वाला हैं। करीब 7-8 सालों से वह नशा (चिट्टा एवं प्रतिबंधित नशीली गोलियां ) बेचने का काम करता है और NDPS सहित करीब 6 मुकदमे दर्ज हैं। इस समय आरोपी अमरजीत जेल में हैं। पिछले दिनों गांव में हुई युवक की नशे की ओवरडोज से मौत मामले में भी उस पर मुकदमा दर्ज है। इससे पहले भी वह कई बार नशा बेचते पकड़ा जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की क्रिमिनल हिस्ट्री खंगाली और उसकी संपत्ति के बारे में पता लगाया। गांव में उसके द्वारा पंचायती जगह पर ही कब्जा कर मकान बनाने की शिकायत मिली, जिस पर पुलिस एवं प्रशासन ने उसे ढहा दिया।
