हरियाणा में कृषि विभाग टीम की बड़ी छापेमारी, 271 कट्टे अवैध यूरिया पकड़ा
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूरिया खाद के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। मिली जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग की टीम ने आर्य कॉलेज के सामने प्रताप मंडी के पास एक गोदाम से अवैध यूरिया के 271 कट्टे बरामद किए। जैसा की बताया जा रहा है की यहां से बिना लाइसेंस के यूरिया की सप्लाई की जा रही थी। विभाग की जांच में गोदाम कई तरह की गड़बड़ी भी मिलीं।
जानकारी के मुताबिक, विभाग की जांच में सामने आया कि यह गोदाम भंडारण के लिए भी अथॉराइज्ड नहीं था। मौके पर स्टॉक रजिस्टर, स्टॉक डिस्प्ले बोर्ड, रेट सूची, बिल और कैश मेमो भी नहीं मिले। इसलिए विभाग की ओर से पुलिस को शिकायत देकर FIR दर्ज करवाई गई है। गोदाम पर किसी की ओर से दावा नहीं किया गया, कि गोदाम किसका है।
क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर एवं फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर शशिपाल ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि आर्य कॉलेज के सामने एक गोदाम में अवैध रूप से यूरिया का भंडारण किया गया है। साथ ही गोदाम से खाद की बिक्री भी की जा रही है। इस सूचना पर उनकी टीम ने रेड कर दी।
विभाग की टीम ने रेड के दौरान 4-5 लोग एक गाड़ी नंबर HR-58C-2038 में यूरिया के कट्टे लोड कर रहे थे। टीम को देखते ही चार लोग मौके से फरार हो गए, जबकि ड्राइवर ललित कुमार निवासी यमुनानगर को पकड़ लिया गया। टीम ने उस गाड़ी से 50 कट्टे यूरिया के बरामद किए। ड्राइवर मौके पर उस खाद की कोई रसीद नहीं दिखा पाया।
टीम ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को देकर मौके पर बुला लिया। इसके बाद गोदाम की तलाशी लेने पर अंदर 221 कट्टे यूरिया खाद और मिली। टीम को दोनों जगह से कुल 271 कट्टे यूरिया बरामद हुए। टीम ने गोदाम को सील कर दिया।
