हरियाणा चरखी दादरी फायरिंग कांड : मुख्य साजिशकर्ता का एनकाउंटर, अवैध हथियार सहित दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
Udaipur Times, Haryana News, चरखी दादरी, 7 अगस्त : चरखी दादरी में बीकानेर मिष्ठान भंडार के समीप हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में जिला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोलीकांड के मुख्य साजिशकर्ता को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल बरामद की गई। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य साजिशकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
6 अगस्त को दादरी शहर में स्कॉर्पियो सवार सात युवकों पर तीन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी थी। घटना में सभी युवक घायल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के निर्देश पर छह विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान शुरू किया।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
घटना की जांच के दौरान CIA टीम व स्पेशल टास्क फोर्स बौंद-कलानौर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्पेशल टास्क फोर्स ईकाई रोहतक की सूचना के आधार पर सफेद रंग की मारुति फ्रॉन्क्स (HR19U-6405) की तलाश की जा रही थी। वाहन के पहुंचने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सवार आरोपी ने उतरते ही पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आरोपी की एक गोली सरकारी वाहन के बंपर पर लगी।
पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की।
मुख्य साजिशकर्ता निकला रोहित उर्फ कातिया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ कातिया, निवासी गांव माजरा (दुबलधन), जिला झज्जर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दादरी फायरिंग की साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।
घायल आरोपी को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर फोटोग्राफी कराई तथा कंट्रोल रूम को सूचना देकर सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए।
दो अन्य साजिशकर्ता भी गिरफ्तार
फायरिंग कांड की जांच के दौरान पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान प्रीत पुत्र हजारी निवासी साहुवास तथा युदबिन्दर पुत्र शुभराम निवासी सांगा, हाल निवासी लोहारू चौक, चरखी दादरी के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर वारदात की साजिश, उनकी भूमिका और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना बौंद कलां में आरोपी रोहित उर्फ कातिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद हथियार को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जिला पुलिस का कहना है कि फायरिंग कांड के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा वारदात के पीछे की साजिश, आपराधिक नेटवर्क और इस्तेमाल किए गए संसाधनों की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
