हरियाणा में स्वयंसेवियों को मिलेगा स्कूलों में पढ़ाने का मौका, मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया ये नया पोर्टल
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में शिक्षा विभाग के ‘स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल’ की लॉन्चिंग की जिसके माध्यम से स्कूलों में स्वैच्छिक रूप से पढ़ाने के इच्छुक स्वयंसेवी अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा सहित शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि समाज में अनेक सेवानिवृत्त शिक्षक, एक्स-सर्विसमैन तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति अपने खाली समय का समाजहित में सदुपयोग करने के लिए सरकार के विभिन्न कार्यों से जुड़ने के लिए इच्छुक रहते हैं। ऐसे समाजसेवी व स्वैच्छिक रूप से सेवा देने के इच्छुक व्यक्तियों को शिक्षा विभाग में शैक्षणिक कार्यों से जोड़ने के लिए लॉन्च किया गया यह पोर्टल प्रदेश में शिक्षकों की कमी को भी दूर करने में मददगार साबित होगा।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षकों, पढ़ाने के इच्छुक एक्स-सर्विसमैन, बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों तथा सेवाभाव से शिक्षण कार्य करने वाले व्यक्ति इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकृत स्वयंसेवियों में से उपयुक्त व योग्य व्यक्तियों के चयन के लिए जिला स्तर पर अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जाएगी जिसमें पुलिस विभाग से डीएसपी स्तर के अधिकारी को भी शामिल किया जाएगा। कमेटी की अनुशंसा के आधार पर इच्छुक व्यक्ति को शिक्षा विभाग से जोड़कर शैक्षणिक कार्यों का अवसर प्रदान किया जाएगा।